---रंजीत लुधियानवी, कोलकाता, 18 फरवरी 2019, इंडिया इनसाइड न्यूज़।
शारदा चिटफंड घोटाले के सिलसिले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआइ) से पूछताछ और इस मुद्दे पर जारी विवाद के बीच राज्य सरकार ने सोमवार को कोलकाता के पुलिस आयुक्त राजीव कुमार का तबादला खुफिया विभाग में कर दिया। उनकी जगह वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी सोमेन मित्र को नया पुलिस आयुक्त बनाया गया है।
सरकारी सूत्रों ने यहां बताया कि चुनाव आयोग के निर्देश के मुताबिक लोकसभा चुनावों से पहले राजीव कुमार का तबादला अनिवार्य था। इसी वजह से उनको खुफिया विभाग में भेजा गया है।
सूत्रों ने बताया कि सीबीआइ ने राजीव कुमार समेत कई पुलिस अधिकारियों के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में मामला दर्ज कर रखा है। उसकी सुनवाई 20 फरवरी को होनी है। उसके दो दिन पहले ही उनका तबादला कर दिया गया है। चिटफंड घोटाले के सिलसिले में सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर सीबीआइ उनसे शिलांग में पांच दिनों तक पूछताछ कर चुकी है। यह सिलसिला आगे भी जारी रहने की संभावना है। 20 फरवरी को सीबीआइ सुप्रीम कोर्ट में राजीव कुमार से पूछताछ जारी रखने की अनुमति मांग सकती है।
https://www.indiainside.org/post.php?id=4981