उत्तर प्रदेश एटीएस ने पकड़े जैश-ए-मोहम्मद के दो आतंकी



देवबंद, 22 फरवरी 2019, इंडिया इनसाइड न्यूज़।

जम्‍मू-कश्‍मीर के पुलवामा में हुए आतंकी हमले जैसे एक और बड़े हमले की फिराक में हैं। यह बात सूत्रों के मुताबिक खुफिया एजेंसियों के अलर्ट में सामने आई है। खुफिया एजेंसियों ने सुरक्षा बलों को अलर्ट जारी करके कहा है कि पुलवामा आतंकी हमले को अंजाम देने वाला आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्‍मद एक बार फिर बड़े हमले की फिराक में है। जिसपर खुफिया एजेंसियां अत्यधिक सतर्क हुई हैं और एजेंसियां संदिग्‍धों पर कड़ी नजर रख रही हैं। वहीं पुलिस भी सतर्कता बरत रही है।

उत्तर प्रदेश एटीएस ने जैश-ए-मोहम्मद के दो आतंकी पकड़े हैं। डीजीपी ओ• पी• सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि रात में यूपी एटीएस को संदिग्ध आतंकियों की जानकारी मिली थी। कुछ कश्मीरी देवबंद में बगैर एडमिशन के रह रहे हैं। रात में यूपी एटीएस के आईजी ने देवबंद में ऑपरेशन चलाया। एटीएस ने शाहनवाज और आकिब अहमद मलिक को गिरफ्तार किया। दोनों को रिमांड पर लेकर विस्तृत पूछताछ की जाएगी।

ओ• पी• सिंह ने बताया कि गिरफ्तार किया गया जैश का आतंकी शाहनवाज कुलगाम और आकिब पुलवामा का रहने वाला है। शाहनवाज़ जैश ए मोहम्मद का सक्रिय आतंकी है। दोनों जैश के लिए भर्ती का काम करते हैं।

उन्होंने आगे बताया कि आरोपियों के पास से 32 बोर की 2 पिस्टल और 30 जिंदा कारतूस मिले हैं। दोनों के मोबाइल से जेहादी चैट्स मिले हैं। शाहनवाज़ ग्रेनेड्स का एक्सपर्ट है।

इससे पूर्व देर रात करीब 2 बजे कार्यवाई करते हुए यूपी एटीएस ने एक दुकानदार सहित लगभग 10 से 12 छात्रों को हिरासत में लिया था जिनमें 2 कश्मीर के, 5 ओडिशा और अन्य दूसरे स्थानों से थे।

https://www.indiainside.org/post.php?id=5013