कोलकाता, 23 फरवरी 2019, इंडिया इनसाइड न्यूज़।
● बंगाल में आएगी त्रिपुरा जैसी आंधी : दिलीप घोष
प्रदेश भारतीय जनता पार्टी कोऑपरेटिव सेल की ओर से आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दिलीप घोष ने राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर जमकर प्रहार किया। कोलकाता स्थित कला कुंज के सभागार में उन्होंने मुख्यमंत्री को मानसिक रूप से असंतुलित करार देते हुए कहा कि इन दिनों ममता इतना घबरा गई है कि मीडिया के कैमरे तले वो क्या बोल जा रही है, उन्हें खुद भी पता नहीं होता। खैर, उनकी स्थिति हम समझ सकते हैं। क्योंकि अब उन्हें भी इस बात का अंदाजा हो चुका है कि आगामी लोकसभा चुनाव में उनके गुंडा व सिंडिकेट तंत्र का खात्मा होने जा रहा है। एक वक्त था जब लोग भाजपा का झण्डा थामने से डरा करते थे लेकिन आज पूरे राज्य में जहां देखो वहीं भगवा लहरा रहा है। राज्य की सत्ताधारी पार्टी तृणमूल कांग्रेस को शराबी और शहीदों में फर्क समझ में नहीं आता। तभी तो शराब पीकर मरने वालों को मिलने वाले रकम के बराबर पुलवामा के शहीदों को आर्थिक मदद की घोषणा की गई।
उन्होंने कहा कि राज्य में भाजपा को रोकने की कई कोशिश की गई। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सभा तक को अनुमति नहीं दी गई। राज्य के लोग भी अब सब समझ रहे हैं। यहां भी त्रिपुरा की तरह आंधी आने वाली है, संभलने का मौके नहीं मिलेगा।
कोऑपरेटिव व स्वरोजागर पर जोर देते हुए दिलीप घोष ने कहा कि राज्य में इस क्षेत्र में विकास की अपार संभावनाएं हैं जिसको देखते हुए भाजपा सक्रिय तरीके से काम में जुट गई है।
इस अवसर पर उन्होंने कई शिल्पकारों व कारीगरों को पहचान कार्ड प्रदान किया। बता दें कि राज्य भाजपा की ओर से अब तक कुल 01 लाख 37 हजार पहचान कार्ड बनाए जा चुके हैं जिससे सीधा लाभ श्रमिकों को मिल रहा है।
प्रदेश भाजपा कोऑपरेटिव सेल के संयोजक कनाई लाल भट्टाचार्य और सह-संयोजक निशीथ दत्ता ने भी विस्तार से कोऑपरेटिव के लाभ व इसके भविष्य पर अपनी बात कही। वहीं कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के तौर पर स्वामी परमानंद जी महाराज उपस्थित रहे।
https://www.indiainside.org/post.php?id=5022