बच्चा चोर विषय : पुलिस प्रशासन और जनता की बैठक



---उमेश तिवारी, हावड़ा, 25 फरवरी 2019, इंडिया इनसाइड न्यूज़।

बच्चा चोर के अफवाहों के कारण कई निरीह लोगों के साथ मारपीट की घटना आम हो गई है। पुलिस प्रशासन द्वारा लोगों से माइकिंग के माध्यम से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की गई लेकिन कोई फर्क पड़ता नजर नहीं आ रहा है। इस तरह की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस प्रशासन ने अब बैठक का सहारा लिया है। ऐसा ही एक बैठक गोलाबाड़ी थानांतर्गत श्रीराम वाटिका में किया गया।

इस बैठक में पश्चिम बंगाल सरकार में सहकारिता मंत्री अरूप राय, खेल व युवा कल्याण राज्यमंत्री लक्ष्मीरतन शुक्ला, जिलाशासक चैताली चक्रवर्ती, बाली की विधायक वैशाली डालमिया, मंत्री राजीव बनर्जी, पूर्व मेयर डॉ• रथिन चक्रवर्ती, निगम के कमिश्‍नर विजिन कृष्णन, हावड़ा सिटी पुलिस कमिश्‍नर विशाल गर्ग सहित पुलिस के कई आला अधिकारी, विभिन्न धर्मों के प्रतिनिधि व आम लोग उपस्थित थे।

सहकारिता मंत्री अरूप राय ने कहा कि किसी को कानून अपने हाथ में लेने का अधिकार नहीं है। अगर कहीं भी संदेहास्पद व्यक्ति दिखायी देता है तो तुरंत पुलिस को खबर करें। बच्चा चोर के संबंध में उन्होंने कहा कि अफवाहों के कारण कई बार गरीब व मानसिक रूप से बीमार लोग चंगुल में फंस जाते हैं। लोगों को उन्हें पीटने की बजाय बुद्धिमानी से काम लेना चाहिए।

वहीं पुलिस कमिश्‍नर विशाल गर्ग ने कहा कि हमने हावड़ा सिटी पुलिस के अन्तर्गत पड़ने वाले सभी थाना क्षेत्रों में माइकिंग कर किसी भी संदेहास्पद व्यक्ति को देखने पर पुलिस को सूचित करने की अपील की है। काननू अपने हाथ में नहीं लेने को कहा है। बच्चा चोर के अफवाह से संबंधित लिफ्लेट भी बाँटा गया है। आमलोगों से बातचीत की जा रही है। साइबर ब्रांच लोगों के व्हाटसऐप और फेसबुक पर नजर रखे हुए हैं। बच्चा चोर से संबंधित किसी भी प्रकार के अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी कार्यवाई की जाएगी।

https://www.indiainside.org/post.php?id=5030