जितेन्द्र मिश्रा - मुम्बई।
भाजपा अध्यक्ष अमित शाह की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही व्यापार संबंधित घोटाले में बेटे जय शाह का नाम आने के बाद शाह की मुश्किलें बढ़ती जा रही है जिसे लेकर विपक्ष शाह और भाजपा के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए ईडी से जांच कराने की मांग की है। सोमवार को पत्रकार परिषद् के दौरान राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण ने अमित शाह की इस्तीफे की मांग करते हुए कहा कि बीजेपी का इतिहास रहा है की जब उनपर भ्रष्टाचार का आरोप लगा है तो उनके नेताओं ने पद से इस्तीफा दे दिया है। जैन हवाला मामले में लालकृष्ण आडवाणी, तहलका मामले में तत्कालीन बीजेपी अध्यक्ष बंगारु लक्ष्मण और पूर्ति मामले में तत्कालीन बीजेपी अध्यक्ष नितिन गड़करी को अपने पद से इस्तीफा देना पड़ा था। बीजेपी के इस इतिहास को ध्यान में रखते हुए अमित शाह को बीजेपी अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे देना चाहिए।
पृथ्वीराज ने कहा कि अमित शाह के बेटे जय शाह और उनके दोस्त ने 2004 में टेंपल एंटरप्राईसेस कंपनी की स्थापना की थी। इस कंपनी में 2004 से 2014 तक किसी भी तरह का व्यवहार नहीं हुआ लेकिन 2014-15 में केंद्र में बीजेपी सरकार आने से कंपनी को फायदा होने लगा। वर्ष 2016 में 50 हजार रूपये वाली कंपनी का वर्ष 2017 में टर्नओवर 80 करोड़ 50 लाख रूपये हो गया। इस हिसाब से कंपनी को 16 हजार प्रतिशत का फायदा हुआ है। शाह टेंपल एंयरप्राईसेस प्राईवेट लिमिटेड को इतना फायदा कैसे हो सकता है। इसका जवाब अमित और जय दोनों को देना होगा। चव्हाण ने कहा कि बीजेपी का कहना है कि जय शाह को राजेश खंडेलवाल ने 15.78 करोड़ रूपये का कर्ज दिया। उन्होंने कहा कि खंडेलवाल बीजेपी सांसद परिमल नथवाणी के दामाद हैं। केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने भी शाह की कंपनी को पीएसयू के तहत 10.35 करोड़ रूपये दिलवाए। यह बहुत बड़ा घोटाला है। जय शाह के पास 16 हजार गुना कमाई कहां से आई। इसकी निष्पक्ष जांच ईडी और सीबीआई से होनी चाहिए।
☆ शाह के बचाव में उतरे भाजपा के दो - दो मंत्री
वही अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह पर लगे गंभीर आरोप पर भाजपा के मंत्री उनके बचाव के लिए आ गए। बीजेपी प्रदेश कार्यालय में राजस्व मंत्री चंद्रकांत पाटिल, शिक्षा मंत्री विनोद तावड़े और मुंबई बीजेपी अध्यक्ष आशीष शेलार ने शाह का बचाव किया। चंद्रकांत पाटिल ने कहा कि पंचायत से पार्लियामेंट तक मिल रही हार से कांग्रेस बौखला गयी है। जय शाह पर लगे सभी आरोप बेबुनियाद हैं। शाह के बेटे ने सत्ता का कोई लाभ नहीं लिया है। पृथ्वीराज चव्हाण ने अधूरी जानकारी पर आरोप लगाए हैं। उनके खिलाफ भी मानहानि का दावा ठोका जाएगा।
☆ बाप एक तो बेटा 10 नंबरी - निरुपम
भाजपा अध्यक्ष अमित शाह के बेटे जय शाह की कंपनी टेम्पल एंटरप्राइजेज की बीते 3 साल में बढ़ी कई गुना सम्पत्ति का आरोप कांग्रेस ने लगाया है। सोमवार को शाह और उनके बेटे के खिलाफ मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष संजय निरुपम के नेतृत्व में आजाद मैदान में मोर्चा निकाला गया जिसमे निरुपम ने कहा कि शाह के बेटे जय शाह की कंपनी टेम्पल एंटरप्राइजेज कंपनी ने 2013-14 में 6230 और 2014-15 के वित्तीय वर्ष 18 हजार 728 रूपये का मुनाफ़ा कंपनी ने दिखाया है वही एक साल के भीतर 2015 और 16 के वित्तीय वर्ष में कंपनी के मुनाफे अचानक कई गुना हुई बढ़ोत्तरी से मुनाफा 18 हजार से 80 करोड़ तक पहुंच गयी है जिसमे बड़ा भ्रष्टाचार हुआ है। प्रधानमंत्री पर कांग्रेस नेता निरुपम ने जमकर हमला बोला और कहा कि न खाऊंगा न खाने दूंगा का नारा देने वाले पीएम मोदी को बाप अमित शाह और बेटा जय शाह पर कार्रवाई करना नहीं चाहते। अब उन्हें इनमे भ्रष्टाचार नहीं दिख रहा है। संजय निरुपम ने अमित शाह के इस्तीफे की मांग करते हुए कहा कि अमित शाह (बाप) एक नंबरी और (बेटा) जय शाह 10 नंबरी है।
https://www.indiainside.org/post.php?id=506