कोलकाता, 28 मार्च 2019, इंडिया इनसाइड न्यूज़।
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को छोटा बच्चा कहते हुए उनके सारे आरोपों पर टिप्पणी करने से इंकार कर दिया। बुधवार को मालदा की एक जनसभा के दौरान राहुल गांधी ने जमकर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और उनके कार्यों की आलोचना की थी। जिसके बाद ममता से जब राहुल के आरोपों पर प्रतिक्रिया देने को कहा गया तो ममता ने बड़ी गंभीरता से कहा कि बच्चे हैं राहुल गांधी और एक छोटे बच्चे की बातों पर मैं क्या कहूं।
ममता ने कहा कि वह राहुल गांधी के बयान को इतनी अहमियत नहीं देती कि उस पर बातचीत करें, मैं मीडिया से गुजारिश करती हूं कि मुझसे इस विषय पर सवाल ना पूछे जाएं।
बता दें कि मालदा की जनसभा में राहुल गांधी ने कहा था कि मोदी जी और ममता दी, दोनों ही नेता अपनी सरकारें किसी की बात सुने बगैर चला रहे हैं, आपको नहीं लगता कि जनता की भी कोई आवाज़ है? बंगाल में लगता है कि एक ही आवाज़ है, ममता दी किसी की नहीं सुनतीं, सिर्फ अपने फैसले थोपती हैं, जो चाहती हैं, करती हैं, मैं बंगाल के लोगों से पूछना चाहता हूं कि क्या आप गूंगे हैं?
https://www.indiainside.org/post.php?id=5210