मैं प्रधानमंत्री से प्‍यार करता हूं : राहुल गांधी



पुणे, 05 अप्रैल 2019, इंडिया इनसाइड न्यूज़।

पुणे में छात्रों के साथ संवाद करने पहुंचे कांग्रेस अध्‍यक्ष राहुल गांधी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भले ही उनके प्रति गुस्‍से की भावना रखते हों, लेकिन वह उनको प्‍यार करते हैं। राहुल गांधी ने कहा कि मैं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रति कोई नफरत नहीं रखता हूं लेकिन वह मेरे प्रति गुस्‍सा रखते हैं। इस बात पर छात्रों ने मोदी-मोदी के नारे लगाना शुरू कर दिया और राहुल गांधी मुस्‍कराते रहे।

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि 22 लाख सरकारी पद खाली हैं। हमें शिक्षा और स्वास्थ्य सेवा के लिए बुनियादी ढांचे का निर्माण करने की आवश्यकता है और यह रिक्त पदों को भरने से पूरा होगा। जब हम सत्ता में आएंगे तो संसद और राज्य विधानसभाओं का 33% हिस्सा महिलाओं के लिए आरक्षित होगा। राष्ट्रीय स्तर पर सभी नौकरियों का 33% हिस्सा महिलाओं के लिए आरक्षित होगा।

राहुल गांधी ने आगे कहा कि राजनेताओं के लिए रिटायरमेंट की उम्र होनी चाहिए। 60 साल के बाद नेताओं को रिटायर हो जाना चाहिए। छात्रों के साथ सवाल जवाब में राहुल गांधी ने कई मुद्दों पर अपनी राय रखी। उन्‍होंने कहा कि मैं झूठे वादे नहीं करता। मैं सच बोलता हूं।

https://www.indiainside.org/post.php?id=5272