अमेठी : राहुल गांधी ने किया नामांकन



अमेठी, 10 अप्रैल 2019, इंडिया इनसाइड न्यूज़।

कांग्रेस अध्‍यक्ष राहुल गांधी ने आज उत्तर प्रदेश के अमेठी से नामांकन किया। रोड शो के बाद राहुल गांधी ने कलेक्‍ट्रेट कार्यालय में अपना पर्चा दाखिल किया। नामांकन से ठीक पहले आयोजित करीब तीन किलोमीटर के रोड शो में लोगों की उपस्थिति रही। रोड शो के दौरान राहुल गांधी के साथ उनकी बहन प्रियंका गांधी वाड्रा, रॉबर्ट वाड्रा और उनके दोनों बच्‍चे रिहान और मियारा भी मौजूद रहे। राहुल गांधी के नामांकन दौरान उनकी मां सोनिया गांधी भी मौजूद रहीं हालांकि रोड शो दौरान वह नहीं थी।

बता दें कि अमेठी में छह मई को वोट डाले जाएंगे। राहुल गांधी केरल के वायनाड से भी चुनाव लड़ रहे हैं। अमेठी में उनका मुकाबला बीजेपी नेता और केंद्रीय मंत्री स्‍मृति इरानी से होगा। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी पहली बार दो लोकसभा सीटों से चुनाव लड़ रहे हैं।

नामांकन पश्चात कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने राफेल सौदे के बहाने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर फिर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने साफ कर दिया है कि चौकीदार ने चोरी की है। कोर्ट ने स्वीकार किया है कि राफेल मामले में भ्रष्टाचार हुआ है। जैसा कि मैं बहुत पहले से कह रहा हूं कि जांच होगी तो दो नाम सामने आएंगे। इसमें पहला अनिल अंबानी और दूसरा नाम नरेन्द्र मोदी का होगा।

https://www.indiainside.org/post.php?id=5301