महामिलावट की हांडी पर अपनी खिचड़ी पकाने से बात बनने वाली नहीं है : नरेन्द्र मोदी



(साभार- मंडे मार्निग, https://www.mondaymorninglive.in/) आसनसोल, 24 अप्रैल 2019, इंडिया इनसाइड न्यूज़।

● टी•एम•सी• मतलब तोलबाजी पार्टी : प्रधानमंत्री

● टी•एम•सी• कोयला माफिया, बालू माफिया, जमीन माफिया की पार्टी हो गयी है : प्रधानमंत्री

काफी हिला हुज्जत के बाद आखिर आसनसोल में नरेंद्र मोदी की सभा सम्पन्न हुई। इस सभा के लिए मैदान नहीं मिलने को लेकर काफी विवाद हो रहा था। अपनी चुनावी सभा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ममता बनर्जी पर जमकर बरसे और कहा कि टी•एम•सी• मतलब तोलबाजी पार्टी। कोयला माफिया, बालू माफिया, जमीन माफिया की पार्टी हो गयी है। उन्होंने ममता बनर्जी से सीधा सवाल करते हुये कहा कि पाकिस्तान में एयर स्ट्राइक के समय दीदी ने पाकिस्तान के पक्ष में जो आँसू बहाये क्या आपकी नीति है। उन्होंने कहा कि ये आसनसोल नगर निगम का चुनाव नहीं है। यह देश के 130 करोड़ की जनता का भाग्य निर्धारण करने वाला चुनाव है। देश के सुरक्षा के मुद्दे देश के लिए महत्त्व रखते हैं इसलिए ममता बनर्जी को इन सवालों के जवाब देने ही होंगे।

● महामिलावट की हांडी पर अपनी खिचड़ी पकाने से बात बनने वाली नहीं है। ममता दीदी की जमीन खिसक चुकी है, दीदी आप पर बड़ी दया आती है

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि ममता दीदी की जमीन खिसक चुकी है, उनका सूरज अस्त होने वाला है। इस बात का अनुभव उन्हें भी हो गया है। तृणमूल की आज यह स्थिति हो गयी है कि रैलियों में भीड़ जुटाने के लिए विदेशों से फिल्मी कलाकार बुलाने पड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि दीदी आप पर बड़ी दया आती है। बंगाल के लोगों ने आपका यह क्या हाल कर दिया है। ममता बनर्जी ने पहले घुसपैठ कराकर उन्हें अपना कैडर बनाया और अब चुनाव प्रचार के लिए विदेशों के कलाकार बुलाये जा रहे हैं। लेकिन घुसपैठियों के दम पर अब पश्चिम बंगाल की राजनीति नहीं चलेगी। भाड़े के गुंडों के दम पर शासन की जो परंपरा चलायी है वो अब खत्म होकर रहेगी। अब पश्चिम बंगाल का भाग्य और देश की दिशा "भारत माता की जय" कहने वाले ही तय करेंगे।

● इसी दिन अगले महीने चुनाव नतीजे आएंगे और भाजपा की सरकार बनेगी

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि आज 23 तारीख है और इसी दिन अगले महीने चुनाव नतीजे आएंगे और भाजपा की सरकार बनेगी। भाजपा की सरकार बनने पर पूरे देश में नागरिकता बिल लागू किया जाएगा। पश्चिम बंगाल सरकार पर दबाव दिया जाएगा कि वो आयुष्यमान योजना को लागू करे जिससे यहाँ की एक करोड़ जनता को पूरे देश में कहीं भी बेहतर चिकित्सा मिल सके। पश्चिम बंगाल के सभी किसानों के खाते में सीधी मदद मिलेगी। व्यापारियों के लिए एक राष्ट्रीय व्यापार आयोग बनाया जाएगा। 2022 तक पश्चिम बंगाल के हर गरीब के पास अपना पक्का मकान होगा।

● आपका वोट बाबुल सुप्रियो को नहीं मोदी के खाते में जाएगा

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि तृणमूल, कॉंग्रेस और वाम मिलकर भाजपा के खिलाफ जनता में भ्रम फैला रहे हैं। उनसे सावधान रहें। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 में इसी मैदान में मैंने बाबुल सुप्रियो के लिए वोट मांगा था आज फिर बाबुल सुप्रियो को जिताने की अपील करता हूँ। उन्हें पहले से ज्यादा भारी मतों से जिताएं। आपका वोट बाबुल सुप्रियो को नहीं मोदी के खाते में जाएगा।

https://www.indiainside.org/post.php?id=5410