---रंजीत लुधियानवी, कोलकाता, 24 अप्रैल 2019, इंडिया इनसाइड न्यूज़।
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर नोटबंदी के दौरान बड़े पैमाने पर काले धन को सफेद में बदलने का आरोप लगाते हुए कहा है कि अब वे वोट खरीदने के लिए उसे खर्च कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा अपने पक्ष में मतदान के लिए बंदुकें और गुंडे जुटा रही है। लेकिन बंगाल में ऐसी परिस्थिति नहीं पैदा होने दी जाएगी।
हुगली जिले के श्रीरामपुर में एक चुनावी रैली में तृणमूल कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि मोदी बाबू आप नोटबंदी के दौरान बड़े पैमाने पर काले धन को सफेद कर चुनावों के दौरान वोट खरीदने के लिए उसका इस्तेमाल कर सकते हैं लेकिन आप बंगाल में वोटरों को नहीं खरीद सकते। उन्होंने कहा कि चुनावों के बाद मोदी का सत्ता से हटना तय है। हमारी सरकार साबित कर देगी कि नोटबंदी कितना बड़ा घोटाला था।
नरेन्द्र मोदी पर हमला जारी रखते हुए ममता ने कहा कि माहौल को दूषित करने व आतंक फैलाने के लिए भाजपा के गुंडे हथियारों के साथ जुलूस निकाल रहे हैं। राज्य में शांति व सद्भाव बनाए रखने के लिए सरकार ऐसे प्रयासों से कड़ाई से निपटेगी।
ममता ने आरोप लगाया कि चुनावों से पहले मोदी ने कुछ गिने-चुने लोगों को शराब के लाइसेंस बांटे हैं। तृणमूल कांग्रेस सरकार इस घोटाले का पर्दाफाश करते हुए उनका (मोदी का) असली चेहरा सामने लाएगी।
उन्होंने दोहराया कि बंगाल में एनआरसी की अनुमति नहीं दी जाएगी और एक भी व्यक्ति राज्य से बाहर नहीं जाएगा। ध्यान रहे कि घुसपैठियों को बाहर निकालने के लिए नरेन्द्र मोदी व अमित शाह बंगाल में भी नेशनल रजिस्टर आफ सिटीजंस (एनआरसी) लागू करने की बात कहते रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने लोगों से मोदी को हराने की अपील करते हुए कहा कि अगर वे देश और संविधान को बचाना चाहते हैं तो मोदी को सत्ता से बाहर दिखा कर राष्ट्र को बर्बाद होने से बचाएं। उन्होंने कहा कि भाजपा को राज्य में एक भी सीट नहीं मिलेगी और तृणमूल कांग्रेस यहां सभी 42 सीटें जीतेगी। ममता ने दावा किया कि तृणमूल समान विचारधारा वाले दलों के साथ मिल कर केंद्र में अगली सरकार बनाएगी।
ममता ने आज कृषणनगर में एक रैली को संबोधित करने के अलावा बर्दवान में रोड शो भी किया।
https://www.indiainside.org/post.php?id=5413