मनोज सिन्हा ने नामांकन प्रकिया पूरी की



गाजीपुर, 25 अप्रैल 2019, इंडिया इनसाइड न्यूज़।

गाजीपुर से वर्तमान सांसद, रेल राज्‍य व संचार मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) मनोज सिन्‍हा ने गुरूवार को अपना नामांकन जिला निर्वाचन अधिकारी के कक्ष में दाखिल किया। नामांकन दौरान भारी संख्या में भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्तागण उपस्थित रहे।

नामांकन पूर्व करीब 11:30 बजे भारतीय जनता पार्टी के राष्‍ट्रीय अध्‍यक्ष अमित शाह रामलीला मैदान पहुंचकर भाजपा उम्मीदवार मनोज सिन्हा के समर्थन में एक जनसभा को संबोधित किया। अमित शाह सपा-बसपा पर जमकर बरसे और कहा कि देश से आतंकवाद का खात्‍मा केलव भाजपा कर सकती है। वहीं केंद्रीय मंत्री वी• के• सिंह व शिवप्रकाश शुक्‍ला ने भी संबोधित किया। सांसद हरिनारायण राजभर, मंत्री बृजेश पाठक, शिवप्रताप शाही, उपेंद्र तिवारी, सांसद वीरेंद्र सिंह मस्‍त, एमएलसी चेतनारायण सिंह, एमएलए सुशील सिंह, एमएलसी केदारनाथ सिंह, एमएलसी विशाल सिंह चंचल, विधायक संगीता बलवंत, डा• विजय सिंह यादव, विनोद अग्रवाल आदि उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन प्रभुनाथ चौहान ने किया।

मनोज सिन्हा ने अपने संबोधन में कहा कि आपके स्नेह और प्यार के कारण मैं अभिभूत हूँ और मैं आपको भरोसा देना चाहता हूँ जीवन में कभी ऐसा काम नहीं किया है की भारतीय जनता पार्टी के किसी कार्यकर्ता का सिर झुके और गाजीपुर के किसी मतदाता का सिर झुके। पांच वर्षो में आदरणीय नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में जिस भारत का सपना हम सबने देखा था, उसको आगे बढ़ाने में निरंतर मैं प्रयत्नशील रहा हूँ। मैं कह सकता हूँ कि आज पांच वर्षो में गाजीपुर को एक नई पहचान नरेंद्र मोदी जी की सरकार के कारण मिली है। मैं आपसे आग्रह करना चाहता हूँ मित्रों कि चुनाव में मैं तो केवल एक निमित्त मात्र हूँ, वास्तव में चुनाव तो आप लोगो को लड़ना है, जीत होगी तो आपकी और पराजय होगी तो आपकी।

जनसभा के बाद नामांकन जुलूस लंका, सकलेनाबाद, मिश्रबाजार, महुआबाग होते हुए कचहरी पहुंचा। नामांकन जुलूस का जगह-जगह पर स्‍वागत हुआ।

https://www.indiainside.org/post.php?id=5422