लखनऊ, 27 अप्रैल 2019, इंडिया इनसाइड न्यूज़।
बहुजन समाजवादी पार्टी सुप्रीमो मायावती की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। मुख्यमंत्री के तौर पर उनके कार्यकाल के दौरान 21 सरकारी चीनी मिलों की बिक्री में हुई कथित अनियमितता की जांच सीबीआई (केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो) ने शुरू की है। बता दें कि उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ की अगुवाई वाली भाजपा सरकार ने पिछले वर्ष 12 अप्रैल को इस मामले में सीबीआई जांच कराने की सिफारिश की थी।
वहीं सीबीआई अधिकारियों ने बताया कि मुख्यमंत्री के तौर पर मायावती के कार्यकाल के दौरान चीनी मिलों की बिक्री से सरकारी खजाने को कथित तौर पर 1,179 करोड़ रुपए का नुकसान हुआ था। सीबीआई ने कथित अनियमितताओं की जांच के लिए एक प्राथमिकी दर्ज की है। इस मामले में उत्तर प्रदेश सरकार के किसी अधिकारी या राज्य के किसी नेता को नामजद आरोपी नहीं बनाया है। उन सात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है जिन्होंने उत्तर प्रदेश राज्य चीनी निगम लिमिटेड की मिलों की खरीद के दौरान फर्जी दस्तावेज जमा किए थे।
https://www.indiainside.org/post.php?id=5437