अभद्रता की चरम सीमा पर है नेता



महाराष्ट्र, 27 अप्रैल 2019, इंडिया इनसाइड न्यूज़।

नेताओं की जमात भी अजब है वोटरों को लुभाने के लिए वो किसी भी हद तक जाने को तैयार हैं, चाहे इसके लिए भाषा की मर्यादा को किसी भी स्तर तक गिराना पड़े। सही मायने में अभद्रता की चरम सीमा पर है नेता। महाराष्ट्र से एक नेता इतने जोश में आ गए कि पुलवामा में शहीद 40 सीआरपीएफ जवानों की शहादत को हत्या बता डाला और कहा कि इन लोगों की हत्या प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने की है। महाराष्ट्र के कांग्रेस नेता और पूर्व शिक्षा मंत्री बसंत भाई पुरखे ने एक चुनावी सभा के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर वार करते हुए कहा कि पुलवामा में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ही चालीस जवानों की जान ली है।

बागीदौरा में कांग्रेस के उम्मीदवार ताराचंद भगोरा के समर्थन में सभा का आयोजन हुआ था जिसमें बसंत पुरखे ने ये बात कही है। पुलवामा हमले को लेकर पहले भी कुछ नेता सवाल उठा चुके हैं। जम्‍मू एवं कश्‍मीर के पूर्व मुख्‍यमंत्री व नेशनल कांफ्रेंस के अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला ने भी सवालिया लहजे में कहा था कि कितने सिपाही हिन्दुस्तान के नहीं शहीद हुए छत्तीसगढ़ में? क्या मोदी जी कभी वहां गए उनपे फूल चढ़ाने के लिए, उनके परिवारों से हमदर्दी जताने के लिए? या जितने सिपाह‍ियों की जान यहां गई, उनके लिए कुछ कहा। मगर वे 40 लोग सीआरपीएफ के शहीद हो गए, उसका भी मुझे शक है!

https://www.indiainside.org/post.php?id=5440