पश्चिम बंगाल : करीब 99 फीसद बूथों पर केंद्रीय सुरक्षा बल के जवान



---रंजीत लुधियानवी, कोलकाता, 29 अप्रैल 2019, इंडिया इनसाइड न्यूज़।

सोमवार 29 अप्रैल को पांच जिलों की आठ सीटों के लिए होने वाले मतदान के लिए चुनाव आयोग की ओर से पश्चिम बंगाल में 98.8 फीसद बूथों पर केंद्रीय सुरक्षा बल के जवान तैनात किए हैं। सूत्रों ने यह जानकारी देते हुए बताया कि इसके साथ ही आठ लोकसभा केंद्रों के लिए 88 क्विक रिसपांस टीम भी तैनात रहेगी। आसनसोल और बीरभूम जिले की दोनों सीटों पर सौ फीसद केंद्रीय सुरक्षा बल के जवान बूथों पर तैनात रहेंगे। बाकी पांच लोकसभा सीटों में एक फीसद बूथ पर केंद्रीय सुरक्षा बल के जवान नहीं रहेंगे।

गौरतलब है कि पहले चरण के मुकाबले चौैथे चरण में केंद्रीय सुरक्षा बलों की संख्या में व्यापक वृद्धि की गई है। पहले चरण के तहत 51 फीसद बूथों पर केंद्रीय सुरक्षा बल के जवान तैनात किए गए थे। तीसरे चरण के दौरान 23 अप्रैल को पांच लोकसभा सीटों के लिए मतदान हुआ था, तब 323 कंपनी केंद्रीय सुरक्षा बल के जवान तैनात किए गए थे। जबकि इस बार 562 कंपनी तैनात की जा रही है।

हालांकि सूत्रों का कहना है कि चुनाव आयोग की ओर से 580 कंपनी केंद्रीय सुरक्षा बल के जवानों की मांग की गई थी। लेकिन 562 कंपनी ही मिल सकी है, इसलिए एक फीसद से कुछ ज्यादा बूथों पर केंद्रीय सुरक्षा बल के जवान नहीं रह सकेंगे। मालूम हो कि सोमवार को होने वाले मतदानके दौरान 9804 बूथों पर मतदान होगा, इसमें 9685 बूथों पर केंद्रीय सुरक्षा बल के जवान तैनात रहेंगे। इसके साथ ही चौथे चरण के मतदान के दौरान पहली क्विक रिसपांस टीम केंद्रीय सुरक्षा बल के जवानों को लेकर बनाई गई है। बूथ के बाहर किसी तरह की गड़बड़ी होने पर यह टीम वहां पहुंच जाएगी। मालूम हो कि तीसरे चरण के दौरान मुर्शिदाबाद जिले के भगवानगोला में एक बूथ के बाहर कांग्रेस के एक कार्यकर्ता की हत्या हो गई थी, लेकिन केंद्रीय सुरक्षा बलों के निष्क्रय रहने का आरोप लगाया गया था।

https://www.indiainside.org/post.php?id=5444