हॉर्स ट्रेडिंग कर रहे हैं मोदी, ईसी से करेंगे शिकायत : तृणमूल कांग्रेस



कोलकाता, 29 अप्रैल 2019, इंडिया इनसाइड न्यूज़।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को पश्चिम बंगाल के श्रीरामपुर में एक चुनावी जनसभा में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर तीखा हमला बोला। प्रधानमंत्री ने दावा किया कि चुनाव के बाद तृणमूल कांग्रेस के कई विधायक पार्टी छोड़ने वाले हैं और 40 विधायक भारतीय जनता पार्टी के संपर्क में हैं। प्रधानमंत्री के इस बयान पर तृणमूल कांग्रेस की तरफ से प्रतिक्रिया आई है।

टी•एम•सी• नेता डेरेक ओ'ब्रायन ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की टिप्पणी पर आपत्ति जताते हुए कहा है कि हम इस बारे में चुनाव आयोग से शिकायत करेंगे। डेरेक ओ'ब्रायन ने कहा कि एक्सपायरी बाबू पीएम, आपके साथ कोई भी नहीं जाएगा, यहां तक कि 1 काउंसलर भी। आप चुनाव प्रचार कर रहे हैं या हॉर्स ट्रेडिंग। आज हम इस बारे में चुनाव आयोग के पास शिकायत करने जा रहे हैं। हमारा आरोप है कि वो हॉर्स ट्रेडिंग कर रहे हैं।'

बता दें कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ममता बनर्जी पर जमकर निशाना साधा और कहा, "अपनी वोट भक्ति के लिए जो लोग राष्ट्रभक्ति की भावना को नकारने लगें। वंदे मातरम और भारत माता की जय से पहले 100 बार सोचने लगें। ऐसे लोगों से बंगाल की जनता को सावधान रहना है।"


● चुनाव आयोग का बाबुल सुप्रियो पर एफआईआर का आदेश

चुनाव आयोग ने पश्चिम बंगाल की आसनसोल लोकसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार बाबुल सुप्रियो के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के आदेश दिए हैं। मतदान के दौरान जबरन बूथ संख्या 199 में घुसने, पोलिंग एजेंट और अधिकारी को धमकी देने के लिए आयोग ने केंद्रीय मंत्री सु्प्रियों पर एफआईआर दर्ज करने का निर्देश दिया है।

बाबुल सुप्रियो ने आसनसोल के पोलिंग बूथ 199 पर मतदान शुरू होते ही चुनाव अधिकारियों पर मतदान प्रभावित करने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया था। इस दौरान कथित तौर पर उन्होंने कर्मचारियों को धमकाया भी था। गायक से नेता बने केंद्रीय मंत्री, भाजपा सांसद बाबुल सुप्रियो का मुकाबला अभिनय की दुनिया से राजनीति में आई तृणमूल कांग्रेस की प्रत्याशी मुनमुन सेन से है।

https://www.indiainside.org/post.php?id=5449