नई दिल्ली/कोलकाता, 30 अप्रैल 2019, इंडिया इनसाइड न्यूज़।
● हॉर्स ट्रेडिंग का तृणमूल कांग्रेस ने लगाया आरोप
तृणमूल कांग्रेस ने चुनाव आयोग से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की शिकायत की है और उनकी उम्मीदवारी रद्द करने की मांग की है। तृणमूल के 40 विधायकों के सम्पर्क में होने का दावा करने वाले प्रधानमंत्री के बयान पर तृणमूल कांग्रेस ने चुनाव आयोग को पत्र लिखा है। शिकायत में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के पार्टी के विधायक तोड़ने वाले बयान पर चुनाव आयोग को संज्ञान लेने को कहा है।
बता दें कि प्रधानमंत्री मोदी ने श्रीरामपुर में एक चुनावी सभा के दौरान कहा था कि टी•एम•सी• (तृणमूल कांग्रेस) के 40 विधायक उनके संपर्क में हैं। इसके बाद सोमवार को ही टी•एम•सी• ने इस पर आपत्ति जताई थी और कहा था कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी हॉर्स ट्रेडिंग कर रहे हैं। तृणमूल कांग्रेस के नेता डेरेक ओ ब्रायन ने प्रधानमंत्री पर खरीद-फरोख्त करने के आरोप लगाते हुए कहा था कि वो चुनाव आयोग से इसे लेकर शिकायत करेंगे।
तृणमूल कांग्रेस ने चुनाव आयोग को पत्र लिखकर आरोप लगाया कि नरेन्द्र मोदी के भाषण में ''आसन्न खरीद-फरोख्त'' के संकेत हैं और पार्टी ने ऐसे ''भड़काऊ और अलोकतांत्रिक'' बयानों के लिये चुनाव आयोग से उनकी उम्मीदवारी रद्द करने की मांग की है। चुनाव आयोग को लिखे पत्र में तृणमूल कांग्रेस ने प्रधानमंत्री के इस निराधार, अनुचित और अवैध चुनाव प्रचार एवं भाषण के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
https://www.indiainside.org/post.php?id=5457