100 नवागत कर्मियों का बीना और ककरी में अभिनंदन एवं मार्गदर्शन



बीना, 05 मई 2019, इंडिया इनसाइड न्यूज़।

नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड के बीना और ककरी क्षेत्रों में हाल ही में नियुक्त किए गए कर्मियों के अभिनंदन हेतु शुक्रवार को बीना क्षेत्र के अधिकारी मनोरंजन गृह में एक परिचर्चा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में एनसीएल के निदेशक (तकनीकी/संचालन) एवं निदेशक (तकनीकी/परियोजना एवं योजना) पी• एम• प्रसाद ने कई पेशेवराना सीख देकर नवगत कर्मियों का उत्साहवर्धन एवं मार्गदर्शन किया।

निदेशक (तकनीकी/संचालन) गुणाधर पाण्डेय ने कुशल कार्य निर्वहन के लिए आवश्यक सभी ऑन जॉब ट्रेनिंग, सिम्युलेशन ट्रेनिंग, वोकेशनल ट्रेनिंग और सिंगरौली स्थित केंद्रीय उत्खनन एवं प्रशिक्षण संस्थान (सीईटीआई) में दिए जाने वाली ट्रेनिंग सहित सभी प्रशिक्षणों को पूरे मनोयोग से पूरा करने की सलाह दी। साथ ही, उन्होंने नव नियुक्त डंपर ऑपरेटरों के वास्तविक प्रशिक्षण हेतु एक 07 किलोमीटर लंबा विशेष प्रशिक्षण ट्रैक बनाने का निर्देश भी दिया।

निदेशक (तकनीकी/परियोजना एवं योजना) पी• एम• प्रसाद ने नवागत कर्मियों को कार्य अवधि घंटे सुधारने और अपने वरीय एवं अनुभवी सह-कर्मियों से मशीनों के कुशल एवं सुरक्षित संचालन का प्रशिक्षण लेने का आह्वान किया।

बीना क्षेत्र के महाप्रबंधक राजेंद्र राय ने कार्य के दौरान सभी आवशयक सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए अपने कर्तव्य का निर्वहन करने की सीख दी।

ककरी क्षेत्र के महाप्रबंधक एल• पी• गोडसे ने नवागत कर्मियों को एनसीएल परिवार का सदस्य बनने की बधाई दी और कार्यस्थल पर हमेशा सजग रहने की सलाह दी।

एनसीएल के महाप्रबंधक (सुरक्षा एवं बचाव) एस• पी• सिंह द्वारा नवनियुक्त कर्मियों से कार्यक्रम में दी गई सभी सीखों को अपने कार्य निर्वहन में आत्मसात करने की अपील की।

कार्यक्रम में वरिष्ठ श्रमिक संघ प्रतिनिधियों ने भी नवागत को उत्साहवर्धन किया।

परिचर्चा में विभिन्न प्रस्तुतियों के माध्यम से नवागत कर्मियों को एनसीएल की कार्यप्रणाली और विभिन्न पहलुओं से रुबरु कराया गया। कार्यक्रम में लगभग 100 युवा कर्मियों ने बेहद उत्साह के साथ भाग लेते हुए कंपनी की कार्यप्रणाली संबंधी सवाल बड़ी संख्या में पूछे, जिनका एनसीएल के आला अधिकारियों ने जवाब देकर उनका उत्साहवर्धन किया।

कार्यक्रम में बीना एवं ककरी क्षेत्रों के परियोजना पदाधिकारी, सभी विभागाध्यक्ष, एरिया सेफ्टी ऑफिसर, स्टाफ अधिकारी (कार्मिक) और वरिष्ठ श्रमिक संघ प्रतिनिधि उपस्थित थे।

https://www.indiainside.org/post.php?id=5486