अभूतपूर्व सुरक्षा के बीच राम के नाम पर शक्ति प्रदर्शन



रिपोर्ट- वरिष्ठ पत्रकार उमेश तिवारी


• उत्तर से लेकर दक्षिण हावड़ा तक हुआ राममय
• भारी तनाव में गुजरे वो छह घंटे
• हावड़ा सिटी पुलिस, रैफ, कॉम्बैट फोर्स, जलकमान रहे तैनात
• तीस हजार से ज्यादा लोगों ने लिया हिस्सा

हावड़ा प्रशासन के लिए वो छह घंटे भारी तनाव में गुजरे। किसी भी हालात से निपटने के लिए पुलिस ने रैफ, कॉम्बैट फोर्स, जलकमान तैनात कर रखे थे। खुद डीसीपी, एसीपी, थानों के आईसी, ट्रैफिक पुलिस के उच्च अधिकारियों की नजर हावड़ा में निकली जुलूसों पर थी। उत्तर से लेकर दक्षिण हावड़ा तक जीटी रोड पर रामभक्तों की धूम थी। जयश्री राम के नाम से आकाश गुंजायमान हो रहा था।
दक्षिण हावड़ा के काजीपाड़ा स्थित नरसिंह बालाजी मंदिर से अंजनी पुत्र सेना की जुलूस निकली। हाथों में भगवा ध्वज लिए रामभक्त जयश्री राम की जय जयकार करते हुए हावड़ा मैदान की ओर बढ़ रहे थे। वहीं दूसरी ओर हावड़ा सिटी पुलिस के जवान सभी संवेदनशील जगहों पर मुस्तैदी से खड़े थे। पुलिस लाइन से अतिरिक्त पुलिस बल को भी तैनात किया गया था। यहां तक कि पूरे जुलूस पर ड्रोन कैमरे से नजर रखी जा रही थी। उल्लेखनीय है कि 5 अप्रैल को आरएसएस द्वारा निकाली गई रामनवमी के जुलूस में अस्त्रों का प्रदर्शन किया गया था। इसलिए रविवार को निकली जुलूस में अस्त्रों के साथ निकालने की इजाजत नहीं दी गई थी। सुबह 9 बजे से शुरू हुआ यह जुलूस काजीपाड़ा, ट्रामडीपो, फजीर बाजार, संध्याबाजार, मल्लिक फाटक होते हुए 2 बजे के लगभग हावड़ा मैदान में समाप्त हुआ। राजनीतिज्ञों का मानना है कि इससे पहले किसी भी जुलूस की निगरानी ड्रोन कैमरे से नहीं की गई थी। जीटी रोड पर वाहनों का आवागमन बंद कर दिया गया था। भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि इस जुलूस में भाग लेने के लिए उत्तर हावड़ा आनेवाले लोगों को सेफ ड्राइव, सेव लाइफ के नाम पर प्रताड़ित किया गया। उन्हें दक्षिण हावड़ा में प्रवेश करने से रोका गया। इस जुलूस को देखने के लिए भारी संख्या में जीटी रोड के दोनों ओर श्रद्धालु हाथ में फूल माला लिए खड़े थे। जगह-जगह इस जुलूस पर फूलों की वर्षा की गई।

https://www.indiainside.org/post.php?id=55