उत्तर प्रदेश, 09 मई 2019, इंडिया इनसाइड न्यूज़।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ में चुनावी जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि जो लोग केंद्र में एक खिचड़ी सरकार चाहते हैं, महामिलावट वाली सरकार चाहते हैं, उनसे सावधान रहना बहुत आवश्यक है। एक महामिलावटी सरकार का मतलब देश में अराजकता और अस्थिरता। इन लोगों द्वारा फैलाई अस्थिरता देश ने 20 वर्ष पहले भी देखी थी।
उन्होंने कहा कि जब भ्रष्ट और मजबूर सरकार होती है तो वो चुनौतियों को न तो झेल पाती है और न उनसे लड़ पाती है। याद कीजिए आज़मगढ़ की साख के साथ इन लोगों की सरकार के समय किस तरह का खिलवाड़ किया था। जब भी कोई आतंकी हमला होता था तो उसके तार खोजते हुए एजेंसियां आजमगढ़ पहुंच जाती थीं।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि कांग्रेस, सपा और बसपा ने जात-पात के आधार पर आपसे वोट मांगे लेकिन कभी आपके स्वास्थ्य की चिंता नहीं की। आज स्मार्ट फोन बहुत सस्ते हुए क्योंकि आज देश में ही मोबाइल फोन बन रहे हैं। इसी तरह आज मोबाइल का इंटरनेट डेटा पूरी दुनिया में सबसे सस्ता भारत में है। ये काम पहले भी हो सकता था। लेकिन पहले जो सपा-बसपा के सहयोग से केंद्र में महामिलावटी सरकार चल रही थी, वो घोटाले करने में व्यस्त थी।
● पांच साल पहले बहन जी ने कहा था कि बाप से अधिक जहर बेटे में है : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी
जौनपुर में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि 5 चरण के मतदान के बाद कांग्रेस पार्टी तो मैच खेले बगैर ही मैदान से बाहर हो चुकी है, वो मैदान छोड़ के भाग चुके हैं। सपा और बसपा इसलिए परेशान हो रहे हैं क्योंकि वोट ट्रांसफर के जिस फॉर्मूले पर इन्होने गठबंधन किया था, उस फॉर्मूले को ही जनता ने नकार दिया है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि बहन जी को यूपी से बाहर करने का जो खेल खेला गया और बहन जी को आज नहीं 23 मई के बाद समझ आएगा। इन समाजवादी खेल के बीच जिन लोगों ने बाबा साहब आंबेडकर को भू-माफिया बताया, कदम कदम पर अपमानित किया, उन्हीं के लिए अब बहन जी वोट मांग रही है। पांच साल पहले इसी जौनपुर में बहन जी ने कहा था कि बाप से अधिक जहर बेटे में है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा सपा हो या बसपा इन्होंने यूपी में जातिवाद की राजनीति की है। आपस में जातिवादी दुश्मनी के कारण यूपी के लोगों के साथ भेदभाव करती रही। 23 मई को फिर एक बार मोदी के आने के बाद खेत मजदूर हो, छोटे दुकानदार हो, सब्जी बेचने वाले हो, दूध बेचने वाले हो या चाय बेचने वाले को हर किसी को 60 साल के बाद हर महीने पेंशन देने का काम ये चौकीदार करेगा।
● सर्जिकल स्ट्राइक भारतीय रक्षा नीति में मील का पत्थर : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रयागराज में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कहा कि मैं आज आपका आशीर्वाद तो लेने आया ही हूं, साथ ही उन युवा साथियों को शुभकामनाएं देने भी आया हूं जो आने वाले दिनों में विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में शामिल होने वाले हैं। यह पहला अवसर है जब सामान्य श्रेणी के गरीब युवाओं को 10 फीसद आरक्षण का लाभ मिलने वाला है।
उन्होंने कहा कि हमें अक्सर ताना दिया जाता था कि जिस नए मिलिट्री डॉक्ट्रीन की बात संसद हमले के बाद लगातार की जाती थी, वो कब काम आएगा? पहले नवम्बर 2016 की सर्जिकल स्ट्राइक और अब फरवरी 2019 की एयर स्ट्राइक, भारत की रक्षा नीति में मील का पत्थर हैं। कांग्रेस और उसके साथियों ने कभी देश की सुरक्षा नीति को गंभीरता से नहीं लिया। कांग्रेस शासन में कुछ लोग भारत का खाकर आतंकियों के गीत गाते थे। हमने इस परंपरा को भी खत्म किया है।
उन्होंने कहा कि बीते पांच वर्षों में देश ने जो अनुभव किया है जो महंगाई दर 10% के औसत से बढ़ रही थी वो इस दौरान 4% के आस-पास आ गई है। उत्तर प्रदेश में योगी जी की सरकार ने गुंडों पर लगाम लगाई है। सपा-बसपा के राज में जो गुंडे बेलगाम होकर हमारी बहन-बेटियों को डराते थे, हमारे व्यापारी, कारोबारियों को परेशान करते थे, वो आज जेल में हैं।
https://www.indiainside.org/post.php?id=5513