दीदी ये बदले का नहीं, ये तो बंगाल में बदलाव का दौर है : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी



डायमंड हार्बर, 16 मई 2019, इंडिया इनसाइड न्यूज़।

पश्चिम बंगाल के डायमंड हार्बर में बुधवार 15 मई को आयोजित चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि कल कोलकाता की तस्वीरें पूरे देश ने देखी हैं। दीदी के गुंडातंत्र ने भाजपा के रोडशो को प्रभावित करने की पूरी कोशिश की। उन्‍होंने कहा कि अरे दीदी ये बदला लेने का नहीं, ये तो बंगाल में बदलाव का दौर है। ये तुम्हारे बदले के इरादे तो धरे के धरे रह जाएंगे और बदलाव आगे बढ़ जाएगा और यकीन मानिये इस बार दीदी के भतीजे का डिब्बा यहां गोल है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि पूरे देश ने देखा है कि दीदी का ये गुंडातंत्र अब नहीं चलेगा। अगर कोई युवा मजाक भी करता है, राजनीतिक व्यंग भी करता है तो उसको जेल में ठूंस दिया जाता है। यहां की ब्यूरोक्रेसी यहां की पुलिस पर कितना प्रेशर है इसका उदाहारण यहां पर एक आईपीएस की खुदकुशी है। जहां पुलिस प्रशासन ही इतने खौफ में जी रहा है, ऐसे दिनों की कल्पना तो गुरुदेव ने नहीं की थी।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि बुआ-भतीजे के मॉडल ऑफ गवर्नेंस में डर और भय से मुक्ति की बहुत बड़ी भूमिका है। ये दीदी की मेहरबानी है कि घुसपैठिए, गो-तस्कर, मानव तस्कर, बेटियों के तस्कर डर और भय से पूरी तरह लोग मुक्त हैं। दीदी के टोलाबाज़ और दीदी का सिंडिकेट, गरीबों को लूटने वाले चिटफंड वाले नेता, कोयला माफिया और रेत माफिया डर और भय से पूरी तरह मुक्त हैं।

https://www.indiainside.org/post.php?id=5557