नई दिल्ली/उत्तर प्रदेश, 05 जून 2019, इंडिया इनसाइड न्यूज़।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जन्मदिवस पर बुधवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने ट्वीट कर बधाई दी है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ट्वीट किया कि उत्तर प्रदेश के ऊर्जावान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी को जन्मदिन की बधाई। योगी जी ने उत्तर प्रदेश को, विशेषकर कृषि, उद्योग जैसे क्षेत्रों में बदलाव लाने में सराहनीय काम किया है, और साथ ही कानून-व्यवस्था को बेहतर बनाया है। मैं उनके लंबे और स्वस्थ जीवन के लिए प्रार्थना करता हूं।
गृह मंत्री और भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने लिखा कि उत्तर प्रदेश को सुशासन और विकास के पथ पर अग्रसर करने वाले प्रदेश के लोकप्रिय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी को जन्मदिन की शुभकामनाएं। मैं आशा करता हूं कि आपके नेतृत्व में उत्तर प्रदेश प्रगति के नित नये मापदंड स्थापित करेगा। आपकी दीघार्यु व उत्तम स्वास्थ्य की कामना करता हूं।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने लिखा कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी को जन्मदिवस की ढेरों शुभकामनाएं। योगी जी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश विकास एवं सुशासन के पथ पर तेजी से अग्रसर है। मैं उनके उत्तम स्वास्थ्य एवं दीघार्यु की प्रभु से कामना करता हूं।
उप-मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भी उन्हे बधाई दी है। उन्होंने ट्वीट किया कि उत्तर प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी को उनके जन्मदिन की हार्दिक बधाई एवं अनंत शुभकामनाएं। ईश्वर से प्रार्थना है कि आप दीघार्यु हों और सदैव स्वस्थ एवं प्रसन्न रहें।
https://www.indiainside.org/post.php?id=5691