मॉब लिंचिंग के नाम पर हिन्दू धर्म के खिलाफ हो रही साजिश : मोहन भागवत



मथुरा,
इंडिया इनसाइड न्यूज़।

मथुरा में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संघ प्रमुख मोहन भागवत ने कहा है कि गाय और मॉब लिंचिंग के नाम पर हिन्दू धर्म को बदनाम किया गया है। यह हिंदू धर्म को बदनाम करने की साजिश है। बता दें कि यह प्रतिक्रिया श्री भागवत द्वारा ऐसे समय में आई है जब विभिन्न हस्तियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एक खुला पत्र लिखा है जिसमें मॉब लिंचिंग को खत्म करने की अपील और अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई।

मोहन भागवत ने कहा कि देशभर में हिन्दू धर्म और संस्कृति को बदनाम करने की गहरी साजिश रची जा रही है। कहीं मॉब लिंचिंग के नाम पर सियासत करके समाज में घृणा फैलाने का काम हो रहा है तो कहीं गाय के नाम पर। कुछ राज्यों में एक योजना के तहत धर्म परिवर्तन भी कराया जा रहा है।

"टाइम्स नाउ" से बात करते हुए एनसीपी नेता माजीद मेमन ने कहा कि कोई भी हिन्दू धर्म की आलोचना नहीं कर रहा है, लेकिन कुछ गुंडे, जिनका धार्मिक समूहों के साथ कुछ जुड़ाव हो सकता है। उन्होंने देशभर में हो रहे इस तरह के घृणित अपराधों को समाप्त करने के लिए पर्याप्त उपाय नहीं करने के लिए सत्ता पक्ष को भी जिम्मेदार ठहराया।

विगत वर्ष सितंबर में आरएसएस प्रमुख ने कहा था कि हिन्दुत्व का अर्थ है- 'समावेशिता और मुसलमानों को स्वीकार करना इसका एक हिस्सा है। हिंदू राष्ट्र पर बोलते हुए उन्होंने आगे कहा कि इसका मतलब यह नहीं है कि मुसलमानों के लिए कोई जगह नहीं होगी। अगर हम मुसलमानों को स्वीकार नहीं करते हैं तो यह हिन्दुत्व नहीं है। हिंदुत्व भारतीयता और समावेशिता है। उन्होंने बाद में कहा कि हिन्दुत्व सभी को एक साथ बांधता है। आरएसएस के हिन्दुत्व की दृष्टि में किसी का विरोध करना नहीं है।

https://www.indiainside.org/post.php?id=6035