काशी की गंगा : नाग नथैया के दिन होगीं यमुना में तब्दील



--- हरेन्द्र शुक्ला, वरिष्ठ पत्रकार, वाराणसी।

☆ लक्खा मेला में शुमार तुलसीघाट की नागनथैया लीला 23 अक्टूबर को

वाराणसी, 21 अक्टूबर। भारतीय संस्कृति की राजधानी काशी सात वार और नौ त्यौहारों का पुरातन शहर है। लक्खा मेला में शुमार विश्व विख्यात तुलसीघाट की नागनथैया लीला तुलसीघाट पर 23 अक्टूबर को है। लीला की तैयारियों को अंतिम रुप दिया जा रहा है। गोस्वामी तुलसीदास द्वारा स्थापित तुलसीघाट की श्रीकृष्णलीला तुलसीघाट पर संकटमोचन मंदिर के महंत एवं अखाड़ा गोस्वामी तुलसीदास के अध्यक्ष प्रो• विश्वम्भरनाथ मिश्र के कुशल नेतृत्व में विभिन्न प्रसंगों के साथ परंपरागत तरीकें से जारी है।

इसी क्रम में 23 अक्टूबर को अपराह्न तीन बजे से तुलसीघाट पर नागनथैया लीला का मंचन होगा।

अखाड़ा गोस्वामी तुलसीदास के अध्यक्ष प्रो• विश्वम्भरनाथ मिश्र के कुशल नेतृत्व में काशी नरेश कुंवर अनंत नारायण सिंह रामनगर दुर्ग से जलमार्ग से बजड़े से तुलसीघाट के सामने गंगा में पहुँच कर संध्या वंदन करेंगे, तत्पश्चात बजड़े पर विराजमान होकर नागनथैया लीला का दर्शन करेंगे। श्रीकृष्णलीला के प्रसंग में श्रीकृष्ण के बालसखा यमुना तट पर गेंद खेलते हैं, खेल के दौरान गेंद यमुना नदी में चला जाता है जहां कालिया नाग का साम्राज्य रहता है। अपने बाल-सखाओं की उदासी देखकर बालक श्रीकृष्ण बाल-सखाओं के मना करने के बावजूद यमुना नदी से गेंद निकालने के लिए छलांग लगा देते हैं। इस दौरान उनका सामना कालिया नाग से होता है और कालिया नाग का मर्दन कर भगवान उसके फन पर सवार होकर श्रीकृष्ण बंशी बजाते हुये यमुना के जल से उपर आकर दर्शन देते हैं। भगवान के बाहर आते ही पूरा लीला क्षेत्र हर हर महादेव के उद्घघोष से गुंजायमान हो जाता है। बजड़े पर विराजमान महाराज बनारस कुंवर अनंत नारायण सिंह भगवान श्रीकृष्ण का माल्यार्पण कर आशीर्वाद लेते हैं।

श्रीकृष्णलीला के संयोजक महंत प्रो• विश्वम्भरनाथ मिश्र द्वारा भगवान की आरती उतारने के बाद श्रीकृष्ण बीच गंगा में चारों तरफ कालिया नाग के फन पर सवार होकर बंसी बजाते हुए भक्तों को दर्शन देते हैं। श्रीकृष्णलीला के प्रसंग में पांच मिनट की इस लीला के अलौकिक दृश्य को देखने के लिए घाट की सीढ़ियों से लेकर बीच गंगा तक लाखों लीला प्रेमियों का जमावड़ा रहता है। उधर जिला प्रशासन की ओर से सुरक्षा के मद्देनजर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है।

https://www.indiainside.org/post.php?id=611