--- जितेन्द्र मिश्रा - मुम्बई ।
राज्य की देवेंद्र फड़नवीस सरकार ने मेट्रो कोरिडोर का विस्तार करते हुए इसका दायरा-भिवंडी कल्याण तक बढ़ाने का निर्णय लिया है। इसके अलावा लोखंडवाला स्वामी समर्थ सर्कल से कांजूरमार्ग तक मेट्रो छह को भी कैबिनेट ने हरी झंडी दिखा दी है।
मुंबई महानगर क्षेत्र में निर्माणाधीन मेट्रो रेलवे के जाल को अधिक विस्तार देते हुए ठाणे-भिवंडी-कल्याण मेट्रो पांच को कैबिनेट में मंजूरी प्रदान की गई। कुल 23.50 किलोमीटर के इस मेट्रो कॉरिडोर से मुंबई महानगर की भिवंडी और कल्याण क्षेत्र से बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी। ठाणे-भिवंडी-कल्याण उन्नत मेट्रो मार्ग पर कुल 16 स्टेशन होंगे। इनमें कल्याण एपीएमसी, कल्याण स्टेशन, सहजानंद चौक, दुर्गाडी किला, कोनगांव, गोवेगांव एमआईडीसी, राजनौली गांव, टेमघर, ओसवाल वाडी, गणेश नगर, अंजूर फाटा, पूर्णा, काल्हेर, कशेळी, बालकुम और कापूरबावडी शामिल हैं। मार्च 2021 तक अर्थात 41 माह में परियोजना का काम पूरा करना प्रस्तावित है। 2021 में प्रति पांच मिनट के अंतराल से इस मार्ग पर मेट्रो चलेगी। इस परियोजना की कुल कीमत 8 हजार 240 करोड़ रुपए है। इस मार्ग पर 2021 में 2.3 लाख तथा 2031 तक रोजाना तीन लाख से अधिक यात्री वातानुकूलित और आरामदायक सफर कर सकेंगे। इससे न केवल ईंधन की बचत होगी, बल्कि सड़क हादसे, ध्वनि और वायु प्रदूषण में कमी होगी। इस परियोजना के माध्यम से मेट्रो मार्ग 4 (वडाला-ठाणे-कासारवडवली) और मेट्रो मार्ग-11 (तलोजा - कल्याण) भी जोड़े जाएंगे। इस मार्ग पर न्यूनतम किराया 10 और अधिकतम 50 रुपये वसूला जाएगा। मुंबई महानगर प्रदेश विकास प्राधिकरण इस परियोजना का क्रियान्वयन करेगा।
स्वामी समर्थ नगर-जोगेश्वरी-विक्रोली मेट्रो को मंजूरी मुंबई मेट्रो के जाल को विस्तार देते हुए स्वामी समर्थ नगर-जोगेश्वरी-विक्रोली मेट्रो 6 को कैबिनेट में मंजूरी प्रदान की गई। 14.47 किलोमीटर लंबे इस मार्ग से पश्चिम द्रुतगती महामार्ग, जोगेश्वरी-विक्रोळी लिंक रोड, एसवी रोड, एलबीएस सहित पूर्व द्रुतगति महामार्ग को आपस में जोड़ने में मदद मिलेगी। मुंबई महानगर प्रदेश विकास प्राधिकरण की अगस्त 2015 तथा राज्य मंत्रिमंडल की अक्टूबर 2015 में हुई बैठक में मुंबई में मेट्रो कारिडोर बनाने के तहत 118 किलोमीटर लंबे उन्नत मेट्रो मार्ग को मंजूरी प्रदान की गई थी। 14.47 किलोमीटर लंबे इस मार्ग पर कुल 13 स्टेशन होंगे। इनमें स्वामी समर्थ नगर, आदर्श नगर, जोगेश्वरी (प.), जोगेश्वरी विक्रोळी लिंक रोड, श्याम नगर, महाकाली लेणी, सीप्ज गांव, साकी विहार रोड, रामबाग, पवई तालाब, आईआईटी पवई, कांजूरमार्ग (प.) और विक्रोली (पूर्व द्रुतगति मार्ग) शामिल हैं। कांजूरमार्ग में मेट्रो कार डिपो प्रस्तावित है। मार्च 2021 तक यह परियोजना के पूरी होने की संभावना है। इस परियोजना की कुल कीमत 6 हजार 716 करोड़ रुपये होगी। परियोजना के लिए मुंबई महानगर प्रदेश विकास प्राधिकरण की हिस्सेदारी 3 हजार 195 करोड़, राज्य सरकार की हिस्सेदारी 1 हजार 820 करोड़ तथा 1 हजार 700 करोड़ रुपये की रकम कर्ज के रूप में ली जाएगी। 2021 में परियोजना पूर्ण होने पर प्रतिदिन साढ़े छह लाख यात्री इस मार्ग से सफर करेंगे। इस मार्ग पर शुरुआत में न्यूनतम किराया 10 रुपये और अधिकतम किराया 30 रुपये होगा। मेट्रो मार्ग 6 को उपनगरीय रेलवे से जोड़ा जाएगा। स्वामी समर्थ नगर, सीप्ज, एलएडंटी जैसे वाणिज्यिक क्षेत्र और आईआईटी सरीखी शिक्षण संस्था को इस मेट्रो से काफी फायदा होगा। इस मार्ग से पश्चिम द्रुतगति महामार्ग, जोगेश्वरी-विक्रोली लिंक रोड, एसवी रोड, एलबीएस सहित पूर्व द्रुतगति महामार्ग जोड़े जाएंगे। इस मार्ग पर मेट्रो मार्ग-2 अ (दहिसर-डी.एन.नगर), मेट्रो मार्ग-7 (दहिसर-अंधेरी), मेट्रो मार्ग-3 (कुलाबा-वांद्रे-सीप्ज ) और मेट्रो मार्ग-4 (वडाला-ठाणे-कासारवडवली) को जोड़ा जाएगा। वर्ष 2021 तक 6.50 लाख तथा 2031 तक तकरीबन 7.70 लाख यात्री वातानुकूलित, सुरक्षित, आरामदायक यात्रा कर सकेंगे। इससे ईंधन की बचत होने के साथ-साथ वाहन खर्च और यात्रा में लगने वाला समय कम होगा और सड़क हादसे, ध्वनि और वायु प्रदूषण में कमी होगी।
ठाणे-भिवंडी-कल्याण मेट्रो 5
कुल लंबाई: 23.50 किलोमीटर
कुल स्टेशन: 16
स्टेशन: कल्याण एपीएमसी, कल्याण स्टेशन, सहजानंद चौक, दुर्गाडी किला, कोनगांव, गोवेगांव एमआईडीसी, राजनौली गांव, टेमघर, ओसवाल वाडी, गणेश नगर, अंजूर फाटा, पूर्णा, काल्हेर, कशेली, बालकुम और कापूरबावडी
परियोजना पूर्ण होने की समयसीमा: मार्च 2021
परियोजना की कुल कीमत: 8 हजार 240 करोड़ रुपये
टिकट दर: न्यूनतम 10 और अधिकतम 50 रुपये
स्वामी समर्थ नगर-जोगेश्वरी-विक्रोली मेट्रो 6
कुल लंबाई: 14.47 किलोमीटर
कुल स्टेशन: 13
स्टेशन: स्वामी समर्थ नगर, आदर्श नगर, जोगेश्वरी (प.), जोगेश्वरी विक्रोळी लिंक रोड, श्याम नगर, महाकाली लेणी, सीप्ज गांव, साकी विहार रोड, रामबाग, पवई तालाब, आईआईटी पवई, कांजूरमार्ग (प.) और विक्रोली (पूर्व द्रुतगति मार्ग)
परियोजना पूर्ण होने की समयसीमा: मार्च 2021
परियोजना की कुल कीमत: 6 हजार 716 करोड़ रुपए
टिकट दर: न्यूनतम 10 और अधिकतम 30 रुपये
https://www.indiainside.org/post.php?id=638