देव दीपावली : लाखों दीयों से जगमगा उठे कोलकाता व हावड़ा के गंगा घाट



हावड़ा,
कोलकाता,
इंडिया इनसाइड न्यूज़।

• दीप प्रज्ज्वलित कर भक्तों ने ली गंगा स्वच्छता की शपथ

• संगठन के प्रांत प्रमुख ने की गंगा स्वच्छता को श्रमदान की अपील

दीपावली के 15वें दिन कार्तिक पूर्णिमा पर मंगलवार को हावड़ा व कोलकाता के गंगा घाटों पर दीप प्रज्ज्वलित कर हर्ष व उल्लास से देव दीपावली मनाई गई। आरती व भजन के उपरांत घाटों पर एकत्रित हुए भक्तों ने मां गंगा के स्वच्छ व निर्मल प्रवाह को बनाए रखने को शपथ भी ली। गंगा समग्र द्वारा आयोजित इस देव दीपावली उत्सव में संगठन पदाधिकारियों व स्वयंसेवियों के अलावा स्थनीय भक्तों ने भी बढ़चढ़ कर हिस्सा लिया।

वहीं हावड़ा के प्रसिद्ध साधु घाट पर हजारों की संख्या में उमड़े गंगा भक्तों ने देव दीपावली के अवसर पर घाट की सफाई की। कुल 51,00 दीप प्रज्ज्वलित कर इस उत्सव को मनाया गया। इस दौरान घाट गंगा समग्र के प्रांत प्रमुख मनोज जायसवाल उपस्थित रहे, जिन्होंने वहां गंगा आरती को उमड़े भक्तों को संबोधित करते हुए उन्हें गंगा स्वच्छता को श्रमदान की अपील की। वहीं संगठन के प्रांत सह संयोजक व गंगा स्वच्छता प्रमुख बृज उपाध्याय ने बताया कि गंगा समग्र के माध्यम से हुगली, नैहटी के चांदनी घाट सहित हावड़ा जिले के करीब 10 बड़े घाटों पर एक ही समय में दीपदान कर संगठन के स्वयंसेवियों व स्थानीय गंगा भक्तों ने निर्मल गंगा प्रवाह की शपथ ली। आगे उन्होंने कहा कि मौजूदा गंगा की दयनीय व प्रदूषित स्थिति को देखते हुए सरकार के साथ ही राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने भी निर्मल गंगा प्रवाह को बनाए रखने को अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए उक्त दिशा में सकारात्मक पहल के रूप में देश भर के गंगा तट पर बसे लोगों को जागरूक करने का बीड़ा उठाया है, जिसमें हम काफी हद तक सफल भी हुए हैं।

इस पावन उत्सव को सफल बनाने में उत्तर हावड़ा के संगठन अध्यक्ष उमेश साव, उपाध्यक्ष शंकर गुप्ता, सचिव अभय झा, कोषाध्यक्ष संजय गोयल, संवाद संयोजक उमेश वर्मा, गंगा आरती प्रमुख प्रमोद गुप्ता व शेख मैनुउद्दीन ने अहम भूमिका निभाई। इसके इतर, कोलकाता व उत्तर 24 परगना स्थित प्रमुख गंगा घाटों पर संगठन की ओर से 2100 मिट्टी के दीये जलाए गए। संगठन के एक अन्य पदाधिकारी ने बताया गंगा समग्र मुख्य रूप से गंगा निर्मलीकरण को पूरी तरह से समर्पित संस्था है और खुशी की बात यह है कि इस पावन कार्य में हिंदुओं के साथ ही मुस्लिम भाईयों का भी भरपूर सहयोग मिल रहा है।

https://www.indiainside.org/post.php?id=6483