राम लला के दर्शन करनेवाले देश के पहले प्रधानमंत्री होंगे मोदी



--अभिजीत पाण्डेय (ब्यूरो),
पटना-बिहार, इंडिया इनसाइड न्यूज़।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 5 अगस्त को अयोध्या में राम मन्दिर का भूमि पूजन करेंगे। इसी के साथ वे देश के पहले प्रधानमंत्री होंगे जो राम लला के दर्शन करेंगे। हालांकि, प्रधानमंत्री रहते अटल बिहारी वाजपेयी, इंदिरा गांधी और राजीव गांधी भी अयोध्या पहुंच चुके हैं। लेकिन किसी वजह से वे रामलला का दर्शन नहीं कर सके।

पीएम मोदी 5 अगस्त को रामलला के दर्शन भी करेंगे। पीएम मोदी इससे पहले 1992 में दर्शन करने अयोध्या पहुंचे थे। तब वे भाजपा के तत्कालीन अध्यक्ष मुरली मनोहर जोशी के साथ अयोध्या आए थे।

नरेंद्र मोदी 1992 के बाद तीन बार अयोध्या में चुनाव प्रचार करने भी पहुंचे। मोदी ने 2009, 2014 और 2019 में यहां चुनावी सभा को संबोधित किया। लेकिन वे राम मन्दिर में दर्शन करने नहीं पहुंचे।

बतौर प्रधानमंत्री अटल बिहारी वायपेयी दो बार अयोध्या का दौरा करने पहुंचे। वहीं, पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी भी तीन बार अयोध्या गईं। उन्होंने 1966 में सरयू के पुराने पुल का उद्घाटन किया था। वहीं, 1975 और 1979 में भी वे अयोध्या में किसी दौरे के तहत पहुंचीं।

राजीव गांधी तीन बार अयोध्या गए। वे एक बार बतौर पीएम भी पहुंचे थे। राजीव ने 1984 और 1989 में चुनावी सभा को संबोधित किया था। उन्हीं की सरकार में 1989 में राम मन्दिर का शिलान्यास हुआ था। हालांकि, वे इस कार्यक्रम में शामिल नहीं हुए थे। 1990 में वे सद्भावना यात्रा लेकर अयोध्या पहुंचे थे, लेकिन रामलला के दर्शन का सौभाग्य प्राप्त नहीं हुआ।

इसके अलावा 2016 में राहुल गांधी और 2019 में प्रियंका गांधी ने हनुमानगढ़ी जाकर बजरंगबली के दर्शन किए थे।

https://www.indiainside.org/post.php?id=7496