--डाॅ• इन्द्र बली मिश्र,
काशी हिन्दू विश्वविद्यालय,
वाराणसी-उत्तर प्रदेश, इंडिया इनसाइड न्यूज़।
इस वर्ष अनंत चतुर्दशी का यह व्रत 31अगस्त 2020 सोमवार को रखा जाएगा। इस दिन भगवान विष्णु के अनंत रूप की पूजा की जाती है। माना जाता है इस दिन व्रत रखकर भगवान विष्णु की पूजा करने और अनंत सूत्र को बांधने से जीवन की सभी समस्याओं से मुक्ति मिलती है। शास्त्रों के अनुसार अनंत चतुर्दशी का व्रत करने से मनुष्य के जीवन के सभी कष्ट दूर होते हैं लेकिन अनंत चतुर्दशी व्रत के नियमों का पालन करना आवश्यक है।
● अनंत चतुर्दशी पूजा शुभ मुहूर्त
यह व्रत मध्यान्ह व्यापिनी होता है अतः चतुर्दशी तिथि सोमवार 31 अगस्त 2020 को प्रातः काल 8:30 से प्रारंभ हो रहा है और अगले दिन 8:45 पर समाप्त हो जा रही है, जिसके कारण सोमवार को ही मध्य में चतुर्दशी मिल रही है अतः इस व्रत का पूजन सोमवार अर्थात 31 अगस्त को ही मनाना उचित रहेगा।
● अनंत चतुर्दशी की पूजा विधि
अग्नि पुराण के अनुसार अनंत चतुर्दशी के दिन भगवान विष्णु के अनंत रूप की पूजा की जाती है। इस दिन सबसे पहले स्नान करने के बाद स्वच्छ वस्त्र धारण करके इस व्रत का संकल्प लें। तत्पश्चात 14 गांठ वाले धागे को भगवान विष्णु जी को अर्पित कर, पुरूष अपनी दाईं भुजा में तथा स्त्री अपनी बाईं भुजा में धारण करें। सूत्र बांधने के बाद यथा शक्ति ब्राह्मण को भोजन कराएं और प्रसाद ग्रहण करें।
■ इस दिन पूजा करते समय इस मंत्र का जप करें ''ॐ नमो भगवते वासुदेवाय नमः''
● अनंत चतुर्दशी की पूजा से लाभ
• यह पूजा ग्रहों की अशुभता को भी दूर करती है।
• कुंडली में काल सर्प दोष होने पर इस दिन पूजा करने से लाभ मिलता है।
• अनंत चतुर्दशी की पूजा जीवन में आने वाली परेशानियों को दूर करती है।
https://www.indiainside.org/post.php?id=7582