वाराणसी-उत्तर प्रदेश,
इंडिया इनसाइड न्यूज़।
■ बायोटेक किसान परियोजना के तहत विशेषज्ञों ने किया पाॅली हाऊस का उद्घाटन
किसानों को हाईटेक कृषि प्रौद्योगिकी से लाभान्वित करने की दिशा में भारत सरकार के जैव प्रौद्योगिकी विभाग (डिपार्टमेंट ऑफ बाॅयोटेक्नोलाॅजी) द्वारा वित्त पोषित बाॅयोटेक किसान परियोजना के अन्तर्गत सोनभद्र एवं चंदौली जिले में पाॅली हाऊस स्थापित कराये गये है। अग्रणी गैर शासकीय संगठन फाउण्डेशन फाॅर एडवांसमेंट ऑफ एग्रीकल्चर एण्ड रूरल डेवलपमेंट (फार्ड) तथा भारतीय सब्जी अनुसंधान संस्थान वाराणसी के संयुक्त तत्वावधान में संचालित इस बाॅयोटेक किसान परियोजना के अन्तर्गत कृषि वैज्ञानिकों ने सोनभद्र एवं चन्दौली जिले के गाँवों में आरम्भ किये, कृषि उत्पादन सम्बन्धी विकास कार्यों का अवलोकन किया। प्रख्यात कृषि वैज्ञानिक एवं रानी लक्ष्मी बाई केन्द्रीय कृषि विश्वविद्यालय, झाॅसी में कुलपति एवं बीएचयू के पूर्व कुलपति जो कि वर्तमान में फार्ड फाउण्डेशन के अध्यक्ष भी है, के साथ अनेक कृषि विशेषज्ञों ने विभिन्न गांवों का भ्रमण कर अनाज, सब्जी फसलों के साथ हाल ही में लगाये गये पाॅली हाउस का उद्घाटन किया। इस भ्रमण के दौरान प्रो• पंजाब सिंह ने चन्दौली जिले के खरखौली गाँव में स्थापित पाॅली हाउस का उद्घाटन किया। इसके उपरान्त चन्दौली के ही इमिलिया गाॅव में लहलहाती गेहूॅं की फसल देखा तथा मत्स्य प्रक्षेत्र का अवलोकन किया।
इस अवसर पर किसान गोष्ठी का आयोजन किया गया। जिसे भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान, नई दिल्ली के डाॅ• अवनि कुमार सिंह, भारतीय सब्जी अनुसंधान संस्थान, वाराणसी के डाॅ• नीरज सिंह, बीएचयू कृषि विज्ञान संस्थान के पूर्व निदेशक प्रो• शिवराज सिंह आदि ने अपने विचार व्यक्त करते हुए किसानों की कृषि सम्बन्धी समस्याओं का समाधान भी किया। इसके पूर्व विशेषज्ञों की टीम ने सोनभद्र के ग्राम गौरही में लगाये जा रहे पाॅली हाऊस का भी भ्रमण किया। विशेषज्ञों ने गेहूँ के अलावा अन्य सब्जी फसलों का भी अवलोकन किया तथा किसानों को तकनीकी जानकारी दी।
उल्लेखनीय है, बाॅयोटेक किसान परियोजना के अन्तर्गत फार्ड फाउण्डेशन एवं भारतीय सब्जी अनुसंधान संस्थान, वाराणसी द्वारा किसानों को विभिन्न फसलों सब्जियों एवं मशरूम उत्पादन के साथ-साथ पाॅली हाऊस स्थापित कराया जा रहा है। इसके अन्तर्गत समस्त सामग्री परियोजना के अन्तर्गत उपलब्ध करायी जा रही है।
प्रो• पंजाब सिंह ने कहा कि किसानो को आर्थिक रूप से समृद्ध बनाने सम्बन्धी भारत सरकार के संकल्प के परिणाम स्वरूप बाॅयोटेक किसान परियोजना के अन्तर्गत निरन्तर कृषि विकास का प्रयास किया जा रहा है।
https://www.indiainside.org/post.php?id=8038