बीएचयू : अनुशासन तोड़ने वालों की खैर नहीं, प्राक्टर ने जारी किया व्हाट्सएप नंबर



--- हरेन्द्र शुक्ला, वाराणसी।

•☆• चिकित्सा विज्ञान संस्थान के शिक्षकों, कर्मचारियों व छात्र-छात्राओं की ओर से चीफ प्राक्टर प्रो• रोयाना सिंह का सम्मान

वाराणसी : काशी हिन्दू विश्वविद्यालय की प्रथम महिला चीफ प्राक्टर प्रो• रोयाना सिंह का शुक्रवार को चिकित्सा विज्ञान संस्थान के शिक्षकों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं छात्र-छात्राओं ने संस्थान के समिति कक्ष में उन्हे पुष्प गुच्छ व अंगवस्त्रम भेंटकर सम्मानित किया। संस्थान के निदेशक प्रो• वी• के• शुक्ला तथा शिक्षकों की ओर से न्यूरोलाॅजी विभाग के प्रो• वी• एन• मिश्रा एवं प्रो• आर• एन• चैरसिया, डा• अभिषेक पाठक व सर्जरी विभाग की प्रो• सीमा खन्ना, प्रो• एस• के• मिश्रा तथा कार्डियोलाॅजी विभाग के डा• धर्मेन्द्र जैन आदि ने सम्मानित किया। इसके अलावा गैर शिक्षण महिला कर्मचारियों की ओर से लक्ष्मी एवं सुन्दरम ने सम्मानित किया। इस अवसर पर संस्थान की शोध छात्रों एवं छात्राओं ने सम्मानित किया।

अपने उद्वोधन में सभी ने चिकित्सा विज्ञान संस्थान की शिक्षिका को महिला चीफ प्राक्टर के रुप में नियुक्त होने पर उन्हे बधाई दी। इस अवसर पर सभी ने 28 सितम्बर से आज तक विश्वविद्यालय परिसर में सुरक्षा एवं अनुशासन व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त बनाने में प्रो• रोयाना सिंह की कुशल रणनीति की भूरि-भूरि प्रशंसा की। प्रो• रोयाना सिंह ने पावर प्वाइंट प्रजेन्टेशन के माध्यम से अपने 43 दिन के कार्यकाल के दौरान परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त करने सम्बन्धी किये गये प्रयासों तथा उससे प्राप्त परिणामों से सभी को अवगत कराया। उन्होंने बताया कि परिसर में शिक्षकों, कर्मचारियों एवं छात्र-छात्राओं का किसी प्रकार से भयभीत होकर रहने की जरुरत नहीं है, सभी लोग निर्भीक होकर अपना काम करे सबकी सुरक्षा उनकी पहली प्राथमिकता है।

उन्होंने कहा कि शीघ्र ही सुरक्षा की बहुआयामी रणनीति बनाई जा रही है। अनुशासन व्यवस्था बिगाड़ने वालो की अब खैर नहीं है, नकारात्मक तत्वों से निपटने की दूरगामी योजना तैयार हो गई है जिसका असर शीघ्र ही परिसर में दिखाई देगा। प्रो• रोयाना सिंह ने कहा कि महिला छात्रावासों में रहने वाली छात्राओं द्वारा आकस्मिक रुप से कन्ट्रोल रुम अथवा हेल्प लाइन नम्बर पर काल करने पर रात्रि के समय जरुरत पड़ने पर उन्हे बस स्टेशन अथवा रेलवे स्टेशन तक छोड़ने की व्यवस्था की गयी है। उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय द्वारा हेल्प लाईन नम्बर 0542 - 2369134, 2369242 जारी किया गया है, जो चैबीस घण्टे कार्य करता है, यह किसी भी प्रकार की सूचना पर त्वरित कार्यवाही होती है। इसके अलावा उन्होने न्यूरोलाजिस्ट प्रो• विजयनाथ मिश्रा के सुझाव पर तत्काल "चीफ प्राक्टर व्हाट्सएप नम्बर" 8004922000 की भी आज घोषणा की। उन्होने बताया कि इस व्हाट्सएप नंबर पर कोई सूचना देने पर भी त्वरित कार्यवाही होगी।

उन्होंने बताया कि छात्राओं को दो माह की कराटे क्लासेस संचालित की जायेगी ताकि वे आत्मरक्षा स्वयं कर सके। उन्होंने अपील की कि छात्र-छात्राएं छात्रावासों में बहुमूल्य सामान न रखे व वे सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग दे। इस अवसर पर उपमुख्य आरक्षाधिकारी डा• सीमा तिवारी, देवाशीष दास, एम• पी• विश्वकर्मा, शोध छात्रा - स्मृति सिंह, तनू सिंह सहित शिक्षक, अधिकारी व कर्मचारीगण मौजूद थे। कार्यक्रम का संचालन प्रो• विजयनाथ मिश्रा ने किया।

https://www.indiainside.org/post.php?id=825