कादीपुर, सुलतानपुर, उत्तर प्रदेश। अल्मोड़ा स्थित बाल साहित्य संस्थान द्वारा बाल साहित्य के क्षेत्र में दिया जाने वाला देश का चर्चित “बाल साहित्य सम्मान'” इस बार सुलतानपुर के वरिष्ठ साहित्यकार डा० आद्या प्रसाद सिंह 'प्रदीप' को दिया जायेगा।
देश भर से आई सैकड़ों कृतियों में से डा० प्रदीप की काव्यकृति 'देशभक्त बलिदानी' को इस सम्मान के लिये चुना गया है। जून माह में आयोजित इस तीन दिवसीय कार्यक्रम में डा० प्रदीप के साहित्य पर चर्चा भी होगी।
इस पुरस्कार के लिये प्रतिवर्ष पूरे देश से प्रवृष्टियां आमंत्रित की जाती हैं। विभिन्न क्षेत्रों के दस दस बच्चों की दस टोलियां मिलकर इन कृतियों से अपनी पसंद की पुस्तकें छांटती हैं फिर उन पर चर्चा कराके पुरस्कार योग्य कृति का चयन किया जाता है। इस बार दसों टोलियों ने डा० आद्या प्रसाद सिंह 'प्रदीप' की काव्यकृति ‘'देशभक्त बलिदानी'’ का श्रेष्ठ कृति के रूप में चयन किया है। अल्मोड़ा शहर में 9 से 11 जून 2017 को आयोजित भव्य समारोह में यह सम्मान प्रदान किया जायेगा।
क्षेत्र की सम्मानित साहित्यिक सांस्कृतिक संस्था “'अवधीमंच'” ने एक गोष्ठी करके डा० प्रदीप के सम्मान को क्षेत्र का सम्मान बताया है। आशुकवि मथुरा प्रसाद सिंह 'जटायु' , डा० सुशील कुमार पांडेय 'साहित्येन्दु' , मदन मोहन पाण्डेय 'मनोज' , डा० करुणेश भट्ट व ज्ञानेन्द्र विक्रम सिंह 'रवि' आदि साहित्यकारों ने प्रसन्नता जताते हुए बधाई दी है।
https://www.indiainside.org/post.php?id=84