▪☆▪ स्वास्थ्य मंत्रालय ने परिवार नियोजन में पुरुष प्रतिभागिता को बढ़ावा देने पर राष्ट्रीय कार्यशाला का आयोजन किया
▪☆▪ पुरुष नसबंदी पखवाड़ा को लेकर जागरुकता का सृजन किया
16 नवम्बर। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने परिवार नियोजन में पुरुष प्रतिभागिता को बढ़ावा देने पर एक दिवसीय राष्ट्रीय कार्यशाला का आयोजन किया। संयुक्त सचिव वंदना गुरनानी ने कार्यशाला का उद्घाटन किया जिसमें पुरुष दृष्टिकोण एवं पुरुषों की आवश्यकताओं को समझने एवं उसे समाविष्ट करने और इस पर उसी प्रकार ध्यान देने की जरुरत से संबंधित ठोस कार्यनीतियों को रेखांकित किया गया, जिस प्रकार महिला दृष्टिकोण एवं महिलाओं की आवश्यकताओं पर ध्यान दिया जाता है। अपने अनवरत परिवार नियोजन प्रयासों के जरिये स्वास्थ्य मंत्रालय का लक्ष्य परिवार नियोजन कार्यक्रम में पुरुष प्रतिभागिता को बढ़ावा देना है। इसमें एश्योर्ड सेवाएं प्रदान करने, मांग सृजित करने और आपूर्ति अंतरालों को पाटने पर नियमित रुप से ध्यान दिया जाता है।
कार्यशाला के दौरान परिवार नियोजन लॉजिस्टक्स प्रबंधन सूचना प्रणाली (एफपी-एलएमआईएस) नियमावली भी लांच की गई। एफपी-एलएमआईएस सॉफ्टवेयर का विकास गर्भनिरोधकों के प्रबंधन एवं वितरण को सुगम बनाने के लिए किया गया था और इसकी डिजाइन गर्भनिरोधकों की मांग एवं वितरण के लिए मजबूत सूचना उपलब्ध कराने के लिए तैयार की गई थी।
दंपत्तियों के प्रजनन स्वास्थ्य को बेहतर बनाने के लिए पुरुष प्रतिभागिता महत्वपूर्ण है। जहां गर्भनिरोध की स्थायी पद्धतियों को भारत में पारंपरिक रूप से अधिक स्वीकृति प्राप्त होती रही है, इसे स्वीकार करने में अधिकतम संख्या महिलाओं की ही रही है। विश्व पुरूष नसबंदी दिवस पुरूष नसबंदी के बारे में वैश्विक रूप से जागरुकता पैदा करने के लिए लक्षित है।
परिवार नियोजन में पुरूष प्रतिभागिता बढ़ाना अन्य कई चुनौतियों के साथ एक बड़ी चुनौती है जिससे अवश्य निपटा जाना चाहिए। पुरूष नसबंदी को बढ़ावा देना परिवार नियोजन के लिए अहम है।
कार्यशाला को संबोधित करने वाले विख्यात वक्ताओं में एनएसवी के प्रवर्तक भी शामिल थे जिन्होंने वैश्विक परिदृश्य को लेकर उपस्थित जनसमूह को संबोधित किया तथा पुरूष प्रतिभागिता बढ़ाने में तकनीकी एजेंसियों की भूमिका को रेखांकित किया। राज्यों के प्रतिनिधियों ने पुरूष नसबंदी सेवाओं की गिरावट को रोकने तथा पुरूष नसबंदी को बढ़ावा देने के लिए अपनी सरकारों की कार्यनीतियों को रेखांकित किया।
https://www.indiainside.org/post.php?id=887