श्रम संगठनों के पदाधिकारियों हेतु श्रम कानून विषयक कार्यशाला सम्पन्न



रेणुकूट, 28 नवम्बर। आदित्य बिड़ला ग्रुप व्यवसाय में ट्रेड यूनियन्स की सहभागिता एवं उनका योगदान सुनिश्चित करने की दिशा में किए जा रहे अनूठी पहल ‘ट्रेड यूनियन्स आर बिजनेस पार्टनर्स’ के क्रम में ‘‘श्रम कानूनों में किए गए तथा प्रस्तावित संसोधनों’’ के विषय में हिण्डाल्को ट्रेनिंग सेण्टर में एक ज्ञानवर्धक कार्यशाला का आयोजन किया गया जिसमें हिण्डाल्को इण्डस्ट्रीज़ लिमिटेड, रेणुकूट के मान्यताप्राप्त श्रम संगठनों, ‘‘राष्ट्रीय श्रमिक संघ, हिण्डाल्को श्रमिक संघ एवं अल्युमिनियम कर्मचारी यूनियन’’ के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने भाग लिया।

एक दिवसीय कार्यशाला का श्रम विभाग की ओर से पधारे उपश्रमायुक्त, मिर्जापुर क्षेत्र, पिपरी राकेश द्विवेदी, श्रम प्रवर्तन अधिकारी अजयानंद त्रिपाठी तथा हिण्डाल्को, रेणुकूट क्लस्टर के मानव संसाधन प्रमुख सतीश आनंद, कर्मचारी सम्बन्ध प्रमुख, वी• एन• ठाकुर, उपमहाप्रबंधक अजीत कुमार तिवारी व श्रम संगठनों के पदाधिकारियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्जवलित करके शुभारंभ किया।

कार्यक्रम के प्रारंभ में उपश्रमायुक्त श्री द्विवेदी ने संस्थान एवं कार्यक्षेत्र के बाहर श्रम संगठनों की भूमिका एवं बदलते हुए वैश्विक परिदृश्य में संस्थान, समाज एवं राष्ट्र के प्रति निहित कर्तव्यों के प्रति अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने इसी संदर्भ में संगठित एवं असंगठित क्षेत्रों में श्रम कानूनों के अनुपालन एवं सुधार तथा शासन की मंशा को स्पष्ट करते हुए किए जा रहे प्रयासों से सभी को अवगत कराया।

संस्थान के मानव संसाधन प्रमुख, सतीश आनंद ने श्रम संगठनों को अपनी भूमिका को और वृहद् करते हुए अपने ज्ञान, कौशल व अनुभव से उच्चकोटि की उत्पादकता सुनिश्चित करने तथा समस्त कर्मचारियों के समवेत प्रयासों पर अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने वैश्विक प्रतिस्पर्धा के युग में श्रम एवं संस्थान के प्रति अपने कर्तव्यों के साथ जापान जैसे उद्यमी देश में कर्मचारियों की लगन, टीमवर्क, क्वालिटी एवं कास्ट पर नियंत्रण का उदाहरण प्रस्तुत करते हुए इसे और बेहतर तरीके से अपने कार्यशैली में अपनाने का आहवान किया। इसी सम्बंध में कर्मचारी सम्बंध प्रमुख वी• एन• ठाकुर ने बदलते वैश्विक परिवेश में कर्मचारियों में आपसी ताल-मेल, टीमवर्क एवं बेहतर औद्योगिक सम्बन्धों पर बल दिया। कार्यक्रम में अजीत कुमार तिवारी ने श्रम कानूनों के सम्बंध में हुए संशोधनों एवं भविष्य में शासन द्वारा प्रस्तावित श्रम कानूनों के विषय में प्रस्तुतिकरण कर जानकारी दी। रोचक क्विज़ एवं प्रश्नोत्तरी कार्यक्रम से कार्यशाला का समापन हुआ। मान्यता प्राप्त श्रम संगठनों के पदाधिकारियों व सदस्यों ने उक्त कार्यक्रम के लिए प्रबंधन का आभार व्यक्त करते हुए इसे अत्यन ज्ञानवर्धक व लाभप्रद बताया तथा कार्यशाला में प्राप्त जानकारियों को अन्य श्रमिकों के साथ साझा करने का भी संकल्प लिया। कार्यशाला का आयोजन वसुंधरा सिंह ने किया जबकि संचालन एस• के• ब्रह्मचारी ने किया।

https://www.indiainside.org/post.php?id=997