कोलकाता
पश्चिम बंगाल
इंडिया इनसाइड न्यूज।
नई सरकार के पहले बजट से आरामबाग के लोग बेहद खुश हैं। लोगों ने राज्य सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया। साथ ही लड्डू बांटकर और अबीर लगाकर जश्न मनाया। डबल इंजन सरकार का यह पहला बजट है और इसी बजट में राज्य सरकार ने बड़ा फैसला लेते हुए आरामबाग को नया जिला घोषित कर दिया है। इससे आरामबाग के लोग उत्साहित हैं। उन्होंने नई सरकार को धन्यवाद और कृतज्ञता ज्ञापित की है।
लंबे समय से आरामबाग के लोगों की मांग थी कि आरामबाग को अलग जिला बनाया जाए। आम लोगों से लेकर बुद्धिजीवियों तक सभी इस मांग को लेकर लंबे समय से आवाज उठा रहे थे। नई सरकार के गठन के बाद उन्होंने अपने मांग-पत्र महकमे के चार विधायकों को भी सौंपे थे। अंततः सरकार द्वारा इस मांग को स्वीकार किए जाने से सभी बेहद खुश हैं।
दरअसल, आरामबाग के बदनगंज, हाजीपुर और खानाकुल जैसे क्षेत्रों से जिला मुख्यालय चुंचुड़ा की दूरी लगभग 100 किलोमीटर है। अब तक लोगों को इतने लंबे सफर के बाद जिला मुख्यालय पहुंचना पड़ता था, जिससे समय और खर्च दोनों अधिक होते थे। नए जिले की घोषणा के बाद लोगों में खुशी की लहर है।
दूसरी ओर, आरामबाग को जिला घोषित किए जाने के बाद जगह-जगह जश्न का माहौल है। आरामबाग बाजार में लड्डू बांटे गए, जबकि गोघाट में मिठाई खिलाने के साथ-साथ अबीर लगाकर लोगों ने खुशी मनाई। आरामबाग बाजार में भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने व्यापारियों को लड्डू खिलाकर अपनी खुशी साझा की। साथ ही राहगीरों और वाहन चालकों के बीच भी लड्डू वितरित किए गए। सभी ने नए जिले की घोषणा के लिए राज्य सरकार के प्रति आभार और धन्यवाद व्यक्त किया।
प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, अगले छह महीनों के भीतर जमीन चिह्नित कर सभी आवश्यक प्रक्रियाएं शुरू कर दी जाएंगी। आरामबागवासियों का मानना है कि यह दिन उनके लिए हमेशा एक ऐतिहासिक और यादगार दिन बनकर रहेगा।