हावड़ा: जीटी रोड पर भीषण धंसाव, यातायात ठप, मरम्मत कार्य जारी



हावड़ा
पश्चिम बंगाल
इंडिया इनसाइड न्यूज।

सलकिया ओड़िया पाड़ा के समीप व्यस्त जीटी रोड पर बुधवार तड़के अचानक सड़क धंसने से हड़कंप मच गया। सुबह करीब 4 बजे सड़क पर अचानक बड़ी दरार दिखाई दी और देखते ही देखते सड़क का एक हिस्सा धंस गया। घटना के बाद जीटी रोड पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह प्रभावित हो गई, जिससे आम लोगों और नित्य यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

घटना की सूचना मिलते ही गोलाबाड़ी ट्रैफिक पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटना की आशंका को देखते हुए धंसे हुए हिस्से को तत्काल बैरिकेड से घेर दिया। इसके साथ ही हावड़ा नगर निगम और लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) को भी सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पीडब्ल्यूडी के इंजीनियर मौके पर पहुंचे और स्थिति का निरीक्षण करने के बाद सड़क की मरम्मत का काम युद्धस्तर पर शुरू कर दिया।

पीडब्ल्यूडी के सब-इंजीनियर प्रज्ज्वल गुप्ता ने बताया कि प्रारंभिक तौर पर भूमिगत एचएमसी लाइन टूटने के कारण मिट्टी धंसने की आशंका है। सड़क को जल्द से जल्द यातायात के योग्य बनाने के लिए बालू और मिट्टी भरकर मरम्मत का काम किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि धंसाव का क्षेत्र काफी बड़ा है, इसलिए सड़क को पूरी तरह सामान्य होने में कुछ समय लग सकता है।

इधर, सड़क धंसने के कारण इलाके में भारी जाम की स्थिति पैदा हो गई है। गोलाबाड़ी ट्रैफिक पुलिस यातायात को नियंत्रित करने और यात्रियों को परेशानी से राहत दिलाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।

ताजा समाचार

National Report



Image Gallery
इ-अखबार - जगत प्रवाह
  India Inside News