प्रकाश पाण्डेय। हावड़ा, 25 अगस्त। अखिल भारतीय संस्था भारतीय गुरूकुलम् हावड़ा की ओर से गणेश पूजा की गई व साथ साथ शिक्षक सम्मान कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया। इस अवसर पर राष्ट्रीय चेतना के प्रवाहक, विज्ञान मनीषी व प्रखर चिन्तक स्वर्गीय स्मरणीय गुरू जी माधव सदाशिव गोलवलकर स्मृति विज्ञान सम्मान से विज्ञान भारती के उत्तर प्रदेश - उत्तराखंड प्रांत के संगठन सचिव सोमदेव भारद्वाज को सम्मानित किया गया। इस मौके पर भारतीय गुरूकुलम् के अध्यक्ष डा• आनंद पाण्डेय ने सोमदेव भारद्वाज को एक लाख रुपये का चेक व गोलवलकर प्रशस्ती भेट की। वहीं आचार्य विष्णु कान्त शास्त्री स्मृति सम्मान से डा• ओम प्रकाश शर्मा (विश्रांत वशिष्ठ) को सम्मानित किया गया। इसके इतर पूर्व राष्ट्रपति डा• सर्वपल्ली राधा कृष्णन के 130वें जन्म दिवस पर शिक्षक राकेश पाण्डेय, प्रो• डा• जुल्फिकार अली को सम्मानित किया गया। विशिष्ट अतिथि पद्मश्री प्रो• अजय कुमार राय ने अपने वक्तव्यों में कहा कि आज भारत के वे लोग जो शहर में वास करते हैं वो अति आधुनिक तो हो गए हैं लेकिन अपने संस्कार व कर्तव्य से विमुख हो गए हैं। इसके अलावा उन्होंने इस तरह के कार्यक्रम के आयोजन के लिए डा• आनंद पाण्डेय को धन्यवाद दिया। ज्ञात हो कि अजय कुमार राय मौजूदा समय में भारतीय अभियंत्रिकी विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी संस्थान शिवपुर के निदेशक हैं। बतौर मुख्य वक्ता पूर्व प्राध्यापक सुरेन्द्रनाथ सांध्य कॉलेज व वरिष्ठ पत्रकार रथीन्द्र मोहन बंदोपाध्याय मौजूद रहें। वहीं महात्मा गांधी अंतराष्ट्रीय हिन्दी विश्वविद्यालय कोलकाता की पत्रिका ताना बाना के सम्पादक व कवि राकेश श्रीमाल के कविता संग्रह "कोई आया है शायद" का भी लोकार्पण किया गया। संस्था के उपाध्यक्ष उमेश राय ने साॅल भेट कर शिक्षकों का सम्मान किया। वही उपाध्यक्ष ऋषिकेश राय ने समापन भाषण दिया। कार्यक्रम दौरान संस्था के सदस्यों सहित अनेक लोग उपस्थित रहें।