--- जितेन्द्र मिश्रा - मुम्बई ।
मराठा समाज की विभिन्न मांगों और आरक्षण को ले कर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस द्वारा घोषित मंत्रिमंडल की उपसमिति की बैठक मंत्रालय में हुई। राजस्व मंत्री चंद्रकांत पाटिल की अध्यक्षता में गठित समिति की बैठक में आगे के विषयों को ले कर चर्चा हुई। पाटिल ने कहा कि मराठा समाज की विभिन्न मांगों पर रिपोर्ट तैयार करने के लिए सदस्यों के बीच विषयों का आवंटन किया गया। इन मांगों पर सरकार गंभीर है। मंत्रिमंडल की उपसमिति में शिक्षा मंत्री विनोद तावड़े, सार्वजनिक बांधकाम (सार्वजनिक उपक्रम) मंत्री एकनाथ शिंदे, मेडिकल एज्युकेशन मंत्री गिरीश महाजन, सहकारिता मंत्री सुभाष देशमुख व कामगार व कौशल्य विकास मंत्री संभाजी पाटील निलंगेकर शामिल हैं। मराठा समाज को आरक्षण, छत्रपति शिवाजी महाराज का स्मारक, मराठा कुनबी जाति प्रमाणपत्र के सन्दर्भ में रिपोर्ट तैयार करने की जिम्मेदारी राजस्व मंत्री चंद्रकांत पाटिल के पास है। इसमें विनोद तावड़े उनकी मदद कर रहे हैं।
साथ ही छत्रपति शाहू महाराज शिष्यवृत्ति योजना के तहत 605 अभ्यासक्रम को समावेश करने का निर्णय लिया गया है। इसका ड्राफ्ट तैयार करने की भी जिम्मेदारी तावड़े के पास है। इसी तरह इस सन्दर्भ में अन्य ड्राफ्ट तैयार करने की जिम्मेदारी दूसरे मंत्रियों को सौंपी गयी है।