गुजरात और राजस्थान में डेंगू से मरने वालों की संख्या बंगाल से ज्यादा - ममता 



--- रंजीत लुधियानवी, वरिष्ठ पत्रकार, कोलकाता।

30 अक्टूबर। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री व स्वास्थ्य मंत्री ममता बनर्जी ने सोमवार को राज्य सचिवालय नवान्न में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक के बाद पत्रकारों से कहा कि राज्य में डेंगू के प्रकोप के मुद्दे पर कुछ लोग आतंक पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं जबकि गुजरात और राजस्थान में इससे 10 गुना लोगों की मौत हुई है, लेकिन उस बारे में कोई कुछ नहीं कह रहा है।

ममता ने कहा कि इस बीमारी से राज्य में अब तक 40 लोगों की मौत हुई है। लेकिन इससे आतंकित होने की जरूरत नहीं है। निहित स्वार्थ वाले कुछ लोग इस बीमारी को लेकर आतंक पैदा करने का प्रयास कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य आयोग की स्थापना का विरोध करने वाले कुछ व्यापारिक घराने गलत सूचनाएं फैला रहे हैं। ऐसे लोगों और घरानों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार परिस्थिति पर चौबीसों घंटे निगाह रख रही है। सरकार परिस्थिति पर काबू पाने और लोगों को राहत पहुंचाने के लिए हरसंभव कदम उठा रही है। कई इलाकों में डाक्टर भी चौबीसों घंटे काम कर रहे हैं।

उन्होंने बताया कि राज्य की तमाम नगरपालिकाओं को मच्छर मारने के लिए विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने अब तक डेंगू से होने वाली 13 मौतों की पुष्टि की है। इस बारे में बाकी रिपोर्ट्स की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि सरकारी अस्पतालों में 13 लोगों की डेंगू से मौत हुई है। इसके अलावा मलेरिया, डेंगू या स्वाइन प्लू से 27 और लोगों की मौत की रिपोर्ट मिली है। निजी अस्पतालों में होने वाली इन मौतों की वजह की जांच की जा रही है। 

ममता ने कहा कि मच्छर काटने से होने वाली बीमारियों के मामले में पश्चिम बंगाल की स्थिति दूसरे राज्यों से बेहतर है। उन्होंने आंकड़ों के हवाले बताया कि गुजरात में अब तक ऐसी बीमारियों से 435 लोगों की मौत हो चुकी है और राजस्थान में 230 की। इसके अलावा उत्तर प्रदेश में 165, मध्यप्रदेश में 141 व केरल में 111 लोगों की मौत हुई है। 

मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य विभाग से पर्याप्त धन मिलने के बावजूद डेंगूरोधी उपाय नहीं करने वाली नगरपालिकाओं को भंग करने की भी चेतावनी देते हुए आरोप लगाया कि विपक्षी राजनीतिक दल इस मुद्दे का सियासी फायदा उठाने का प्रयास कर रहे हैं।

ताजा समाचार

National Report



Image Gallery
इ-अखबार - जगत प्रवाह
  India Inside News