--- हरेन्द्र शुक्ला, वाराणसी।
》 छात्र गुटों में मारपीट, कई वाहन क्षतिग्रस्त
वाराणसी, 06 दिसम्बर। काशी हिन्दू विश्वविद्यालय में छेड़खानी की घटनाएं थम नहीं रही हैं। बुधवार को एक छात्रा के साथ छेड़खानी को लेकर छात्रों के बीच जमकर मारपीट हुई। बीएचयू प्राक्टोरियल बोर्ड के सुरक्षाकर्मियों और पुलिस ने किसी तरह मामला शांत कराया।
छात्रा के साथ छेड़छाड़ की वारदात बीएचयू परिसर स्थित विश्वनाथ मंदिर के पास हुई। मिली जानकारी के अनुसार, कृषि विज्ञान संस्थान का एक छात्र अपनी महिला मित्र के साथ मंदिर के पास बैठकर बात कर रहा था। इसी बीच वहां पहुंचे कुछ युवकों ने कमेंट और छेड़छाड़ शुरू कर दी। विरोध करने पर छेड़खानी करने वालों ने छात्र को पीट दिया। घायल छात्र की चीख पुकार सुनकर जुटे कृषि विज्ञान संस्थान के छात्रों ने हमलवारों को दौड़ा कर पीट दिया। इससे कुछ देर के लिए मंदिर परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
इसकी जानकारी मिलने पर बिरला छात्रावास के छात्रों ने मंदिर पर पहुंच जमकर उत्पात मचाया। कई दोपहिया वाहन क्षतिग्रस्त कर दिए गए। प्राक्टोरियल बोर्ड के सुरक्षाकर्मियों के आने पर उपद्रवी छात्र भाग खड़े हुए। बवाल की सूचना पर लंका थाने की पुलिस भी मौके पर पहुंचकर उपद्रव को नियंत्रित किया।
ज्ञातव्य है कि गत सितम्बर माह में बीएचयू परिसर में दृश्य कला संकाय की छात्रा के साथ छेड़खानी की घटना और उसके बाद हुए बवाल के चलते बीएचयू कुलपति प्रो• जी• सी• त्रिपाठी को कार्यकाल के अंतिम दिनों में जबरन छुट्टी पर भेज दिया गया था। मामले की जांच अब तक महिला आयोग सहित कई कमेटी कर चुकी है लेकिन नतीजा सिफर रहा। अब छेड़खानी के मामले की जांच न्यायिक आयोग कर रहा है।