रंग लाने की ओर कमलनाथ की पहल, 27% ओबीसी आरक्षण की उम्मीद फिर हुई मजबूत



--विजया पाठक, एडिटर - जगत विजन, भोपाल - मध्यप्रदेश, इंडिया इनसाइड न्यूज।

■ओबीसी आरक्षण की लड़ाई में कमलनाथ की दूरदर्शिता आई सामने, अब सुप्रीम कोर्ट पर निगाहें

■कमलनाथ ने रखी 27% आरक्षण की नींव, अब न्याय की उम्मीदों को मिलेगी नई उड़ान

27 प्रतिशत ओबीसी आरक्षण केवल एक राजनीतिक घोषणा नहीं, बल्कि प्रदेश के लाखों पिछड़े वर्ग के युवाओं के भविष्य, अधिकारों और सम्मान से जुड़ा महत्वपूर्ण सवाल है। इस लड़ाई की नींव रखने वाले पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ की पहल आज एक बार फिर चर्चा के केंद्र में है। सत्ता में रहते हुए उन्होंने ओबीसी वर्ग को उसका अधिकार दिलाने की दिशा में ऐतिहासिक कदम उठाया था और सत्ता से बाहर होने के बावजूद इस मुद्दे पर उनकी राजनीतिक प्रतिबद्धता को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। मध्यप्रदेश की राजनीति में सामाजिक न्याय और पिछड़े वर्गों के अधिकारों की बात जब भी होगी, तब वर्ष 2019 में कमलनाथ के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार द्वारा ओबीसी आरक्षण 14 प्रतिशत से बढ़ाकर 27 प्रतिशत करने का निर्णय विशेष रूप से याद किया जाएगा। यह निर्णय प्रदेश की सामाजिक संरचना में पिछड़े वर्गों की भागीदारी बढ़ाने और उन्हें शिक्षा तथा सरकारी नौकरियों में अधिक अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल थी। कमलनाथ ने मुख्यमंत्री रहते हुए यह स्पष्ट संदेश दिया था कि प्रदेश के विकास में ओबीसी वर्ग की भागीदारी केवल राजनीतिक प्रतिनिधित्व तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि शिक्षा, रोजगार, प्रशासन और शासन व्यवस्था में भी उन्हें उनका उचित स्थान मिलना चाहिए। इसी सोच के तहत 27 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान किया गया। यह कदम लाखों युवाओं के लिए नई उम्मीद लेकर आया था।

●कमलनाथ की पहल ने खड़ा किया सामाजिक न्याय का मजबूत आधार

मध्यप्रदेश में ओबीसी वर्ग एक बड़ा सामाजिक समूह है। लंबे समय से इस वर्ग की मांग रही है कि उसकी जनसंख्या, सामाजिक और आर्थिक परिस्थितियों तथा अवसरों में भागीदारी के अनुरूप आरक्षण का लाभ मिलना चाहिए। कमलनाथ सरकार ने वर्ष 2019 में ओबीसी आरक्षण को 14 से बढ़ाकर 27 प्रतिशत करने का निर्णय लेकर इस मांग को नीतिगत स्तर पर आगे बढ़ाया। हालांकि इस निर्णय को लेकर न्यायालय में कानूनी विवाद शुरू हुआ और आरक्षण का लाभ पूरी तरह लागू होने की प्रक्रिया लगातार प्रभावित होती रही। इसके बावजूद यह स्वीकार करना होगा कि 27 प्रतिशत आरक्षण की राजनीतिक और विधायी पहल कमलनाथ के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार ने की थी। इस निर्णय ने प्रदेश की राजनीति में ओबीसी अधिकारों को एक महत्वपूर्ण मुद्दा बनाया और सामाजिक न्याय की बहस को नई दिशा दी।

●भाजपा सरकारों के कार्यकाल में कानूनी विवाद और प्रभावित हुए युवा

कमलनाथ सरकार के बाद प्रदेश में सत्ता परिवर्तन हुआ। शिवराज सिंह चौहान और उसके बाद मोहन यादव के नेतृत्व में भाजपा सरकारें सत्ता में रहीं। इस दौरान 27 प्रतिशत आरक्षण का मामला लगातार न्यायिक प्रक्रिया में उलझा रहा। ओबीसी आरक्षण के समर्थन और विरोध में अनेक याचिकाएं दायर हुईं। मामला मध्यप्रदेश हाईकोर्ट, जबलपुर में पहुंचा और विभिन्न अंतरिम आदेशों के कारण भर्ती तथा नियुक्तियों में 13 प्रतिशत पदों को होल्ड रखने की व्यवस्था बनी रही। इसका सबसे अधिक असर उन युवाओं पर पड़ा, जिन्होंने प्रतियोगी परीक्षाएं दीं, चयन प्रक्रिया पूरी की और नियुक्ति की प्रतीक्षा की। हजारों अभ्यर्थियों के मन में यह सवाल बना रहा कि आखिर उनके भविष्य का फैसला कब होगा। 9 अक्टूबर 2026 को मध्यप्रदेश हाईकोर्ट ने 27 प्रतिशत आरक्षण बढ़ाने वाले वर्ष 2019 के संशोधन को असंवैधानिक ठहराते हुए ओबीसी आरक्षण 14 प्रतिशत तक सीमित रखने का निर्णय दिया। साथ ही 13 प्रतिशत होल्ड पदों पर नियुक्ति प्रक्रिया आगे बढ़ाने के निर्देश दिए। यह फैसला 27 प्रतिशत आरक्षण की मांग कर रहे ओबीसी वर्ग के लिए बड़ा झटका था। इसके बाद राज्य सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में विशेष अनुमति याचिका (SLP) दायर कर हाईकोर्ट के निर्णय को चुनौती दी।

●सामाजिक न्याय की लड़ाई किसी एक सरकार की नहीं, पूरे समाज की है

कमलनाथ की पहल को आज केवल एक पुराने सरकारी निर्णय के रूप में देखना उचित नहीं होगा। यह उस राजनीतिक सोच का प्रतीक है, जिसमें पिछड़े वर्गों को विकास की मुख्यधारा में उचित भागीदारी दिलाने की बात की गई थी। वर्ष 2019 में लिया गया 27 प्रतिशत आरक्षण का निर्णय आज भी प्रदेश की राजनीति और न्यायिक प्रक्रिया में महत्वपूर्ण स्थान रखता है। सुप्रीम कोर्ट में सरकार की SLP की सभी 13 तकनीकी खामियां दूर होना इस लंबी कानूनी लड़ाई का नया पड़ाव है। अब उम्मीद की जानी चाहिए कि सरकार पूरी गंभीरता से पैरवी करेगी और न्यायालय संवैधानिक प्रावधानों, उपलब्ध आंकड़ों तथा सभी पक्षों के तर्कों के आधार पर निर्णय देगा। कमलनाथ ने मुख्यमंत्री रहते हुए 27 प्रतिशत ओबीसी आरक्षण की पहल कर सामाजिक न्याय की दिशा में एक महत्वपूर्ण राजनीतिक और नीतिगत कदम उठाया था। आज उसी पहल से जुड़ा मुद्दा फिर निर्णायक न्यायिक प्रक्रिया के दौर में है। सत्ता आना-जाना राजनीति का हिस्सा है, लेकिन सामाजिक न्याय के लिए उठाए गए कदमों की प्रासंगिकता लंबे समय तक बनी रहती है। मध्यप्रदेश के ओबीसी वर्ग को अब केवल आश्वासन नहीं, बल्कि ठोस न्यायिक और संवैधानिक समाधान चाहिए। 27 प्रतिशत आरक्षण की बहाली की उम्मीद तभी पूरी होगी, जब मजबूत कानूनी पैरवी के साथ इस दिशा में निर्णायक सफलता मिलेगी। कमलनाथ की पहल ने जिस उम्मीद को जन्म दिया था, उस उम्मीद को पूरा करना अब प्रदेश की राजनीति और सरकार दोनों की बड़ी जिम्मेदारी है।

ताजा समाचार


जगत प्रवाह
Image Gallery
जगत विज़न

राष्ट्रीय समाचार


बात हिन्दुस्तान की