--- रंजीत लुधियानवी, कोलकाता।
राज्य के एक मंत्री ब्रात्यो नाट्य जगत से जुड़े व्यक्तित्व हैं और हाल में उनके अभिनय से सजी बांग्ला फिल्म बारांदा काफी चर्चित रही है। उनकी ही तरह एक वक्त के मशहूर मुक्केबाज शोभनदेव चट्टोपाध्याय रिंग से बाहर निकले तो राजनीति के मैदान में अपने प्रतिद्वंद्वियों को पछाड़ने लगे। फिलहाल वह राज्य के बिजली मंत्री हैं। अब उनका एक नया रूप सामने आया है। निर्देशक इप्सीता सरकार व राजेश दत्त की आने वाली फिल्म में वह प्लेबैक सिंगर के रूप में दिखेंगे। शोभनदेव की अपनी खासियतों की वजह से एक अलग ही दुनिया है। वह एक अभिनेता, कवि गायक के साथ पुरोहित का काम भी बखूबी करते हैं। हालांकि उनके इस नए रूप को लोग ज्यादा नहीं जानते। मंत्री ने बांग्ला फिल्म आबार बसंत विलाप के लिए अपना गाना स्टूडियों में रिकार्ड कराने वाले हैं।
मंत्री के इस नए रूप को लोगों के सामने लाने के लिए जब इप्शीता रॉय उनके पास गई थीं तो उन्होंने गाना की भाषा पर आपत्ति जताई थी। उनके मुताबिक कॉमेडी फिल्म में गाने के बोल इतने कठिन नहीं होना चाहिए। बाद में उनका प्रस्ताव मान लिया गया।
वह गाने के लिए राजी तो हो गए, लेकिन शर्त रखी कि वह पारिश्रमिक नहीं लेंगे। मंत्री ने बताया कि उनके पिताजी बहुत अच्छा भजन-कीर्तन करते थे। उन्हीं से गाना सीखा था, लेकिन लंबे अर्से से माइक के सामने केवल भाषणबाजी ही करता था। इस दौर में गायकी की दुनिया से दूर हो गया था, लेकिन होली के दिन मुहल्लों में घूमकर गाना जरूर गाता था। रिंग में बॉक्सिंग करना, सीरियल में अभिनय करना, नाटक दल चलाना, लोहा का व्यापार करने के बाद राजनीति में आया। फिल्म में गीत गाना बाकी था, जो अब पूरा हो रहा है।