--- संतोष यादव,सुलतानपुर।
(●) काकोरी कांड के शहीदों की याद में सैकड़ो जरुरत मंदो लोगो को रजाई/कम्बल, सिलाई मशीन, साइकिल, रिक्शा, ठेला, ट्राली व ट्राई साइकिल का वितरण
देश के अमर शहीदों ने आजादी के लिये जो कुर्बानियां दी हैं। उस रास्ते पर चलकर समाज के गरीब व निर्बल वर्ग के व्यक्तियों की सहायता हमारा उद्देश्य होना चाहिये। यह विचार जिला न्यायाधीश प्रमोद कुमार पंचम ने शहीद स्मारक सेवा समिति के 33वें वार्षिक समारोह में काकोरी कांड के शहीदों की याद में पं• राम नरेश त्रिपाठी सभागार में में आयोजित समारोह को सम्बोधित कर रहे थे।
जनपद न्यायाधीश ने अपने सम्बोधन में कहा कि हम सभी का कर्तव्य है कि समाज में जो कुरीतियां हैं, उन्हें दूर करें तथा सच्चे मन से गरीब एवं निर्बल व्यक्तियों की सेवा करें। जिलाधिकारी हरेन्द्र वीर सिंह ने शहीद स्मारक सेवा समिति के अध्यक्ष करतार केशव यादव के कार्यों की सराहना करते हुये कहा कि इन्होंने समाज सेवा का जो बीड़ा उठाया है वह अत्यन्त ही सराहनीय है। जिलाधिकारी ने कहा कि शासन द्वारा गरीब व निर्बल वर्ग के व्यक्तियों के लिये अनेक कल्याणकारी योजनायें संचालित की जा रही हैं। शासन के पास सीमित संसाधन होते हैं, कल्याणकारी योजनाओं में जब तक जनता एवं समाजसेवियों का अपेक्षित सहयोग नहीं मिलता, योजनाओं का क्रियान्वयन अपेक्षानुसार नहीं हो पाता। उन्होंने स्वयंसेवी संगठनों का आवाह्न किया कि वे समाजसेवा के कार्य में आगे बढ़कर अपनी सक्रिय भूमिका निभायें। जिलाधिकारी ने शहीद स्मारक सेवा समिति के सभी पदाधिकारियों की सराहना की।
पुलिस अधीक्षक अमित वर्मा ने शहीद स्मारक सेवा समिति के कार्यों की प्रशंसा करते हुये कहा कि इस संस्था ने समाज के पिछडे़ व्यक्तियों की सेवा का जो मिशन चालू किया है, उस मिशन को आगे बढ़ाने में सभी लोग अपना सहयोग दें। उन्होंने कहा कि समाजसेवा कई प्रकार से की जाती है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति यह संकल्प लें कि वे अपने स्तर से गरीब वर्ग के व्यक्तियों की सेवा करेंगे।
हिन्दुस्थान समाचार दिल्ली के एसोसिएट एडिटर दधिबल यादव ने शहीदों की याद में करतार केशव व उनके सहयोगियों द्वारा की जा रही इस पहल को सराहनीय कदम बताते हुए सरकार की मंशा पर सवाल खड़ा किया कि रेवड़ी की तरह पुरस्कार बाटते समय ऐसे लोगो को भी प्रोत्साहन दिया जाना चाहिए जो वास्तव में निःस्वार्थ भाव से समाज व देश की सेवा में लगे हुए है।
अर्न्तराष्ट्रीय मास्टर्स एथलीट नीलू मिश्रा ने कहा कि जनसेवा पुनीत कार्य है। उन्होंने उपस्थिति महिलाओं के साथ पुरुषो को भी खुले में शौच न जाने का संकल्प लेने का आवाह्न करते हुए कहा कि स्वस्थ भारत की कल्पना तभी साकार हो सकती है जब देश का हर नागरिक स्वच्छता पर ध्यान दे।
इस मौके पर नगर पालिका अध्यक्ष बबिता जायसवाल, अपर निदेशक स्वास्थ्य डॉ• राजेन्द्र कपूर, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ• सी• वी• एन• त्रिपाठी, ख्याति प्राप्त सर्जन डॉ• ए• के• सिंह, बाल रोग विशेषज्ञ डॉ• सुधाकर सिंह, आईएमए के अध्यक्ष डॉ• बी• के• शुक्ला, डॉ• आर• ए• वर्मा, बार एसोशिऐशन के अध्यक्ष नरेन्द्र बहादुर सिंह, नेत्र सर्जन डॉ• दीपक मेहरोत्रा, भारत भारती संस्था के संस्थापक सुन्दर लाल टण्डन, महेन्द्र कुमार, प्रधानाचार्या नीलम सिंह आदि ने अपने सम्बोधन में शहीद स्मारक समिति के अध्यक्ष करतार केशव यादव के कार्यों की सराहना की।
इस अवसर पर शहीद स्मारक सेवा समिति के अध्यक्ष करतार केशव यादव ने सभी अतिथियों तथा आयोजन में सहयोग देने वाले महानुभावों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए बताया कि आज इस आयोजन में 500 गरीब व निर्बल व्यक्तियों को रजाई/कम्बल, 25 लोगों को साईकिल, 14 लोगों को सिलाई मशीन, 07 लोगों को ट्राली रिक्शा, 02 लोगों को रिक्शा, 04 लोगों को ठेला, एक व्यक्ति को ट्राई साइकिल का वितरण किया गया।
कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ एडवोकेट अब्दुल करीम ने किया। समारोह के अंत में अतिथियों के हाथों समिति द्वारा जनसहयोग से एकत्रित साईकिल का वितरण कराया गया। इसके अतिरिक्त समिति के पदाधिकारियों तथा गणमान्य व्यक्तियों द्वारा भी ठेला, ट्राईसाईकिल, रजाई कम्बल आदि का वितरण किया गया। इस मौके पर काफी संख्या में लोग मौजूद रहे।