03 जनवरी 2018, इंडिया इनसाइड न्यूज़।
--- रंजीत लुधियानवी, कोलकाता। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने तीन तलाक को अपराध का दर्जा देने वाले बिल की खिंचाई करते हुए कहा है कि इससे मुस्लिम महिलाओं को सुरक्षा नहीं मिलेगी। यह बिल महज मुस्लिम समुदाय को कुरेद सकता है। वे बुधवार को बीरभूम जिले में एक जनसभा में बोल रही थीं।
ममता ने कहा कि केंद्र सरकार जिस बिल को कानून का दर्जा देने का प्रयास कर रही है उससे महिलाओं की सुरक्षा नहीं की जा सकेगी। उल्टे इससे बेवजह समस्या बढ़ेगी। उन्होंने इस मुद्दे पर भाजपा पर राजनीति करने का आरोप भी लगाया। दरअसल, राज्य में सत्तारुढ़ तृणमूल कांग्रेस के लिए तीन तलाक का मुद्दा बेहद संवेदनशील है। उसे राज्य की 27 फीसद मुस्लिम आबादी का समर्थन हासिल है। विपक्षी राजनीतिक अक्सर ममता पर मुसलमानों के तुष्टिकरण का आरोप लगाते हुए उनकी खिंचाई करते रहे हैं। विपक्ष का आरोप है कि अपनी वोट बैंक की राजनीति के तहत ही ममता मुसलमानों का समर्थन करती रही हैं।
बीते 28 दिसंबर को उक्त बिल के लोकसभा में पेश होने पर तृणमूल कांग्रेस सांसदों ने बहस में हिस्सा नहीं लिया था। ममता ने अपनी सभा में भाजपा की खिंचाई करते हुए कहा है कि असम में सत्ता पर काबिज होने के बाद वह वहां दशकों से रहने वाले बंगालियों के नाम नागरिक सूची से काट रही है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय नागरिक रजिस्टर (एनआरसी) में नाम नहीं होने की वजह से कछार जिले में एक व्यक्ति पहले ही आत्महत्या कर चुका है।
उन्होंने कहा कि बंगाल सरकार असम से निकाले जाने वाले बंगालियों का स्वागत करने के लिए तैयार है। लेकिन असम सरकार को वहां रहने वाले लोगों को जबरन भगाने का प्रयास नहीं करना चाहिए।
दूसरी ओर, प्रदेश भाजपा ने ममता के बयान पर तीखी टिप्पणी की है। पार्टी के राष्ट्रीय सचिव व पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राहुल सिन्हा ने कहा कि तृणमूल कांग्रेस लोकसभा में कुछ और कहती है और सार्वजनिक तौर पर कुछ और। उन्होंने इसे मौकापरस्त राजनीति करार दिया। राहुल सिन्हा के मुताबिक इससे यह भी साबित होता है कि एक महिला मुख्यमंत्री को मुस्लिम महिलाओं की तकलीफों का कोई अहसास नहीं है।
माकपा के पोलित ब्यूरो सदस्य और लोकसभा सांसद मोहम्मद सलीम ने भी इस मुद्दे पर ममता पर दोहरा रवैया अपनाने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि लोकसभा में बोलने की बजाय तृणमूल के नेता चुप्पी साधे रहते हैं। लेकिन अब ममता कुछ और कह रही हैं। सलीम ने कहा कि भाजपा का अकेला एजंडा हिंदुत्व है लेकिन ममता का बहुकोणीय एजंडा है और वे आग से खेल रही हैं।