कोलकाता, 09 जनवरी 2018, इंडिया इनसाइड न्यूज़।
--- रंजीत लुधियानवी। मेदिनीपुर जिले के पांशकुड़ा के भाजपा नेता अनिसुर रहमान को बलात्कार के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। महीना भर भी नहीं हुआ, जब अनिसुर तृणमूल कांग्रेस छोड़ कर भाजपा में शामिल हुए थे। पूर्व मेदिनीपुर के तमलुक की एक युवती की शिकायत के बाद पुलिस ने रविवार की रात उसे गिरफ्तार किया है। बलात्कार के साथ ही पीड़िता को धमकी, षडयंत्र समेत आइपीसी की सात धाराएं दर्ज की गई हैं। इस काम में रहमान की मदद करने के मामले में उनके सहयोगी हबीबुर रहमान को भी गिरफ्तार किया गया है। सोमवार को दोनों को मेदिनीपुर सीजेएम की अदालत में पेश करके तीन दिन की पुलिस हिरासत में लिया गया है। इस बारे में पश्चिम मेदिनीपुर जिला पुलिस अधीक्षक आलोक राजोरिया का कहना है कि ठोस शिकायत मिलने के बाद अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है। मामले की हर तरफ से पड़ताल की जा रही है। करीब चौबीस साल की युवती ने भी अदालत में गुप्त बयान दिया है।
सूत्रों ने बताया कि शिकायत करने वाली युवती ने पुलिस को बताया है कि तकरीबन चार साल तक उसके अनिसुर के साथ संबंध थे। इस दौरान कई बार उसे धमका कर बलात्कार किया गया। हाल में विश्वविद्यालय में एक युवक के साथ उसकी नजदीकी बढ़ने के बाद अनिसुर ने धमकी दी थी। मानसिक तौर पर परेशान होकर शनिवार को उसने नींद की गोलियां खाकर आत्महत्या की कोशिश की थी। रविवार की शाम उसे मेदिनीपुर शहर के एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती किया गया। आरोप है कि अनिसुर वहां भी चला गया और अस्पताल में घुस कर जबरन युवती को लेकर जाने की कोशिश करने लगा। इसके बाद उसने पुलिस को फोन करके शिकायत की।
हालांकि भाजपा इस मामले को षडयंत्र बता रही है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दिलीप घोष के मुताबिक मुकुल राय के करीबी अनिसुर को हमारे दल में शामिल होने के बाद तृणमूल ने झूठे आरोप में फंसाया है। हालांकि तृणमूल कांग्रेस के पूर्व मेदिनीपुर जिला अध्यक्ष शिशिर अधिकारी का कहना है कि षडयंत्र का आरोप बेबुनियाद है। मालूम हो कि 2006 में विवाह के बाद अवैध संबंध के आरोप में अनिसुर को माकपा से निकाला गया था, जिसके बाद वे तृणमूल में शामिल हो गए थे। कुछ महीने पहले पांशकुड़ा नगरपालिका में तृणमूल के घोषित उम्मीदवार का विरोध करते हुए प्रधान बनने के कारण दल ने उन्हें छह साल के लिए निष्कासित कर दिया था। इसके बाद वे भाजपा में शामिल हो गए थे।