पाबंदी के बावजूद रामनवमी पर हथियार जुलूस निकालेगी भाजपा



कोलकाता, 12 जनवरी 2018, इंडिया इनसाइड न्यूज़।

---रंजीत लुधियानवी। भाजपा ने कोलकाता पुलिस की पाबंदी के बावजूद इस साल रामनवमी पर हथियारों के साथ जुलूस निकालने का फैसला किया है। पुलिस ने बीते 20 दिसंबर को एक सार्वजनिक अधिसूचना जारी कर हथियारों के सार्वजनिक प्रदर्शन पर रोक लगा दी थी। अब भाजपा के ताजा फैसले से एक बार फिर इस मुद्दे पर तृणमूल कांग्रेस से उसका टकराव तय है।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दिलीप घोष ने यहां कहा कि पुलिस ने इस साल हथियारों के साथ जुलूस पर पाबंदी लगा दी है। बावजूद इसके हमने कार्यकर्ताओं से रामनवमी पर हथियार जुलूस निकालने की तैयारी करने को कहा है। उन्होंने कहा कि पार्टी के कार्यकर्ताओं ने पुलिस की पाबंदी को मानने से इंकार कर दिया है। इसलिए उनको इसकी तैयारी में जुटने को कहा गया है।

दिलीप घोष ने कोलकाता पुलिस की पाबंदी को पक्षपाती करार देते हुए कहा है कि सरकार रामनवमी और हनुमान जंयंती के मौके पर आयोजित जुलूसों में बढ़ती भीड़ से डर गई है। उन्होंने कहा कि पार्टी इस बात का इंतजार करेगी कि उक्त पाबंदी मुहर्रम पर भी लागू होती है या नहीं।

इस साल रामनवमी 25 मार्च को है। इसके दो महीने के भीतर ही राज्य में अहम पंचायत चुनाव होने हैं। यह अगले साल होने वाले लोकसभा चुनावों से पहले आखिरी महत्वपूर्ण चुनाव हैं। बीते साल रामनवमी के मौके पर भाजपाइयों ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के चुनाव क्षेत्र भवानीपुर में तलवारों व त्रिशुलों के साथ मोटरसाइकिल रैली निकाली थी। राज्य के दूसरे हिस्सों में भी ऐसी रैलियों का आयोजन किया गया था। उनमें दिलीप घोष समेत भाजपा के प्रमुख नेताओं ने हिस्सा लिया था।

दूसरी ओर, तृणमूल कांग्रेस महासचिव पार्थ चटर्जी ने कहा है कि कोई राजनीतिक पार्टी अगर सार्वजनिक तौर पर हथियारों का प्रदर्शन करती है तो लोगों की सुरक्षा के लिए पुलिस को ऐसे प्रदर्शनों पर रोक लगाने का पूरा अधिकार है।

ताजा समाचार

National Report



Image Gallery
इ-अखबार - जगत प्रवाह
  India Inside News