कोलकाता, 15 जनवरी 2018, इंडिया इनसाइड न्यूज़।
---रंजीत लुधियानवी। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दिलीप घोष के कथित उकसाऊ बयानों के लिए पुलिस ने उनके खिलाफ दो प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस के मुताबिक उन बयानों से राज्य में हिंसा भड़क सकती है।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि शुक्रवार को महानगर में भाजपा युवा मोर्चा और तृणमूल कांग्रेस समर्थकों के बीच हुई हिंसक झड़पों के बाद घोष की टिप्पणियों के लिए उनके खिलाफ महानगर के हेयर स्ट्रीट व गरियाहाट थानों में सोमवार को दो अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज की गई है। दो अलग-अलग लोगों ने उक्त प्राथमिकी दर्ज कतराई है। उनमें आरोप लगाया गया है कि घोष के उकसाऊ बयानों से राज्य में सांप्रदायिक हिंसा भड़क सकती है।
दिलीप घोष ने शुक्रवार को कहा था कि राज्य में कानून व व्यवस्था की स्थिति पूरी तरह ध्वस्त हो गई है। घोष ने अपने खिलाफ शिकायत को निराधार करार दिया है। भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि उन्होंने कोई उकसाऊ बयान नहीं दिया था। भाजपा की बढ़ती ताकत से डर कर तृणमूल कांग्रेस तमाम तरह के सस्ते हथकंडे अपना रही है।