कोलकाता, 15 जनवरी 2018, इंडिया इनसाइड न्यूज़।
---रंजीत लुधियानवी। कपिल मुनि मंदिर के महंत ज्ञानदास महाराज राज्य की मुख्यमंत्री व तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी को देश का अगला प्रधानमंत्री बनते देखना चाहते हैं। पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि ममता अगर प्रधानमंत्री बन जाएं तो देश का कल्याण हो जाएगा। 2011 में हमने नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने की कामना की थी। हमने उन्हें देख लिया है। भाजपा देश को गर्त में ले जाने के लिए तैयार है। अब हम ममता के प्रधानमंत्री बनने की कामना करते हैं। कोलकाता और गंगासागर का पिछले कुछ वषों में जो विकास हुआ, वह ममता की ही देन है। जो लोग ममता सरकार को बदनाम कर रहे हैं, वो पाप कर रहे हैं।
मोदी सरकार की आलोचना करते हुए उन्होंने कहा कि केंद्र बैंक खाते में 15 लाख रुपये आने की बात कह रहा है जबकि 15 रुपये भी नहीं आने वाले। आयकर के साथ-साथ जीएसटी का भी बोझ भी गरीब जनता पर लाद दिया गया है। महंत ने ममता सरकार के शस्त्र जुलूस निकालने पर रोक के फैसले का भी पुरजोर समर्थन किया। उन्होंने कहा कि शस्त्र पूजा का नियम सिर्फ दीपावाली पर है और यह पूजा घर में होनी चाहिए।
अयोध्या मामले पर महंत ने कहा कि मैंने और बाबरी मस्जिद मामले में मामलाकारी हाशिम अंसारी ने मिलकर इस मसले का हल निकाल लिया था। बिल भी बन चुका था और बहुत से राजनीतिक दल उस पर दस्तखत करने को भी तैयार हो चुके थे, लेकिन विश्व हिंदू परिषद की ओर से अशोक सिंघल ने इसमें बाधा देते हुए तीन महीने के लिए रुकने को कहा था। अब यह मामला सुप्रीम कोर्ट में लटक गया है।
महंत ने एक बार फिर मुड़ीगंगा पर सेतु के निर्माण की मांग करते हुए कहा कि संक्रांति पर्व गंगासागर की ही देन है। सागर तीर्थयात्रियों की संख्या दिन-ब-दिन बढ़ती जा रही है, इसलिए सेतु का निर्माण बहुत जरुरी है, लेकिन केंद्र सरकार इस ओर ध्यान नहीं दे रही है।