वैश्विक व्यापार सम्मेलन में 2.20 लाख करोड़ के निवेश के प्रस्ताव



कोलकाता, 17 जनवरी 2018, इंडिया इनसाइड न्यूज़।

---रंजीत लुधियानवी। यहां बुधवार को खत्म हुए दो-दिवसीय बंगाल वैश्विक व्यापार सम्मेलन में राज्य में लगभग 2.20 लाख करोड़ रुपये के नए निवेश प्रस्ताव मिले हैं। इससे राज्य में 20 लाख से ज्यादा नई नौकरियां पैदा होंगी। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सम्मेलन के आखिरी दिन इसका एलान किया। उन्होंने कहा कि अडानी समूह की ओर से आज घोषित निवेश प्रस्तावों के बाद यह आंकड़ा और बढ़ने की उम्मीद है। ध्यान रहे कि अडानी समूह ने आज 750 करोड़ के निवेश का एलान किया। यह रकम हल्दिया स्थित समूह के खाद्य तेल संयंत्र के विस्तार पर खर्च की जाएगी।

ममता ने कहा कि 20 लाख नई नौकरियों में से एक लाख तो मुकेश अंबानी के मालिकाना वाली रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड के जरिए पैदा होंगी। उन्होंने कहा कि कल मुकेश अंबानी ने राज्य में निवेश के नए प्रस्ताव दिए थे। उनसे टेलीकाम क्षेत्र में एक लाख से ज्यादा नई नौकरियां पैदा होंगी। मुख्यमंत्री ने बताया कि बुधवार को देश-विदेशी की विभिन्न कंपनियों के बीच लगभग 110 सहमति पत्रों पर हस्ताक्षर किए गए। ममता ने कहा कि उनकी सरकार बड़े-बड़े बयान देने की बजाय काम कर दिखाने में भरोसा करती है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बंगाल का माहौल निवेश के लिए अनुकूल है। हम बातें कम करते हैं, काम ज्यादा। उन्होंने कहा कि वेस्ट बंगाल अब बेस्ट बंगाल में बदल रहा है। ममता ने दावा किया कि कई देशों ने बंगाल में निवेश के प्रति दिलचस्पी दिखाई है। राज्य सरकार उद्योगपतियों को हरसंभव सहायता मुहैया कराएगी। उन्होंने जादवपुर व कलकत्ता विश्वविद्यालयों को सेंटर आफ एक्सीलेंस की स्थापना के लिए राजारहाट में पांच-पांच एकड़ जमीन देने का भी एलान किया।

कृषि व निर्माण क्षेत्र पर खास जोर देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार और निजी कंपनियों के बीच सक्रिय सहयोग से इन दोनों का एक साथ विकास हो सकता है। इससे राज्य के खोए गौरव को दोबारा हासिल किया जा सकता है। बीते साल ऐसे सम्मेलन के दौरान सरकार ने 2.35 लाख करोड़ के निवेश प्रस्ताव मिलने का दावा किया था। उससे पहले वर्ष 2016 के सम्मेलन के दौरान 2.50 लाख करोड़ के नए निवेश प्रस्ताव मिले थे। ममता ने इस साल के सम्मेलन को कामयाब बताते हुए अगले साल यह सम्मेलन सात व आठ फरवरी को आयोजित करने का एलान किया।

ताजा समाचार

National Report



Image Gallery
इ-अखबार - जगत प्रवाह
  India Inside News