कड़ी सुरक्षा के बीच शांतिपूर्ण चल रहा 'पद्मावत' का प्रदर्शन



कोलकाता, 26 जनवरी 2018, इंडिया इनसाइड न्यूज़।

---रंजीत लुधियानवी। संजय लीला भंसाली की विवादास्पद फिल्म पद्मावत के प्रदर्शन का पहला दिन से अबतक बंगाल में शांतिपूर्ण रहा। हालांकि गड़बड़ी और विरोध प्रदर्शन की आशंका को देखते हुए पुलिस ने इन तमाम थिएटरों के आसपास सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए थे, लेकिन पहला दिन बिना किसी गड़बड़ी के ही गुजर गया। फिल्म देखने वालों ने इसकी प्रशंसा की है और विवाद करने वालों को जमकर लताड़ा है। फिल्म देखने के बाद कई लोगों ने कहा कि खुद का प्रचार करवाने के लिए मीडिया पर आने और कुछ नेताओं से पैसे लेकर ऐसे प्रदर्शन किए जाते हैं। ऐसे लोगों को न तो फिल्म की समझ होती है और न जाति-धर्म की।

सूत्रों ने बताया कि महानगर में सिंगल स्क्रीन व म्लीटप्लेक्स मिला कर कुछ 129 थिएटरों में पद्मावत रिलीज हुई थी। हावड़ा-हुगली समेत राज्य में हर जगह फिल्म चल रही है। लेकिन कहीं कोई विरोध-प्रदर्शन नहीं हुआ। मल्टीप्लेक्स आइनाक्स लेजर लिमिटेड के एक प्रवक्ता ने बताया कि पश्चिम बंगाल में आइनाक्स थिएटरों में पद्मावत के सौ शोज चल रहे हैं। इनमें कुल मिला कर 50 फीसदी सीटें भरी रही हैं। महानगर के दक्षिण में स्थित नवीना सिनेमा में इस फिल्म के चार शो चल रहे हैं। इस सिंगल स्क्रीन थिएटर के मालिक नवीन चोखानी ने बताया कि पुलिस की ओर से सुरक्षा का व्यापक इंतजाम है। उन्होंने बताया कि आज या बीते कुछ दिनों के दौरान हाल के बाहर कोई प्रदर्शन नहीं हुआ है। चोखानी ने उम्मीद जताई कि आगे भी फिल्म का प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहेगा।

चोखानी ने बताया कि फिल्म के तमाम शोज हाउसफुल रहे। पुलिस सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए दर्शकों को फिल्म देखने में किसी परेशानी की संभावना नहीं है। ध्यान रहे कि इस फिल्म के पोस्टर लगाने के बाद दिसंबर में कुछ लोग ने हाल के सामने प्रदर्शन किया था।

इस बीच, कोलकाता पुलिस के एक प्रवक्ता ने बताया कि फिल्म के खिलाफ देशव्यापी माहौल को ध्यान में रखते हुए तमाम थिएटरों और मल्टीप्लेक्सों के बाहर सुरक्षा का मजबूत इंतजाम किया गया है। सुरक्षा में तैनात जवान किसी भी समूह को सिनेमा हाल के आसपास नहीं फटकने दे रहे थे। दर्शकों पर नजदीकी निगाह रखने के लिए थिएटरों के भीतर भी सादे कपड़ों में पुलिस वालों को तैनात किया गया था।

ताजा समाचार

National Report



Image Gallery
इ-अखबार - जगत प्रवाह
  India Inside News