---रंजीत लुधियानवी, कोलकाता, 01 फरवरी 2018, इंडिया इनसाइड न्यूज़।
राज्य में सत्तारुढ़ तृणमूल कांग्रेस ने नोआपाड़ा विधानसभा और उलुबेड़िया लोकसभा सीटों के लिए हुए उपचुनावों में इन दोनों सीटों पर भारी अंतर से जीत हासिल की है। तृणमूल कांग्रेस उम्मीदवार और पूर्व सांसद सुल्तान अहमद की पत्नी सजदा अहमद ने भाजपा उम्मीदवार अनुपम मल्लिक को 4.74 लाख वोटों के भारी अंतर से पराजित किया। उपचुनाव के नतीजों से भाजपा को करारा झटका लगा है। वह दूसरे नंबर पर जरूर रही। लेकिन पहले नंबर से उसका काफी फासला है।
राज्य के मुख्य चुनाव अधिकारी आरिज आफताब ने पत्रकारों को बताया कि नोआपाड़ा विधानसभा सीट पर तृणमूल कांग्रेस विजयी रही है। वहां भाजपा दूसरे नंबर पर है और माकपा तीसरे पर। कांग्रेस अपनी इस पूर्व सीट पर चौथे नंबर पर खिसक गई। नोआपाड़ा में तृणमूल उम्मीदवार सुनील सिंह ने भाजपा के संदीप बनर्जी को 63 हजार वोटों से ज्यादा के अंतर से पारिजत किया। यहां सुनील सिंह को लगभग 1.02 लाख वोट मिले और संदीप को 38 हजार सात सौ। माकपा की गार्गी चटर्जी 35 हजार 497 वोटों के साथ तीसरे स्थान पर रहीं। कांग्रेस विधायक मधुसूदन घोष के निधन की वजह से यह सीट खाली हुई थी।
दूसरी ओर, उलुबेड़िया लोकसभा सीट पर तृणमूल कांग्रेस ने अपना कब्जा बनाए रखा है। स्थानमीय सांसद सुल्तान अहमद के निधन के बाद पार्टी ने यहां उनकी पत्नी सजदा अहमद को मैदान में उतारा था। मुस्लिमबहुल आबादी वाले इस इलाके में तृणमूल कांग्रेस उम्मीदवार शुरू से ही अपने प्रतिद्वंद्वियों पर बढ़त बनाए हुए थी। चौदहवें राउंड के वोटों की गिनती के बाद अपने नजदीकी भाजपा उम्मीदवार के मुकाबले सजदा की बढ़त 3.6 लाख वोटों से ज्यादा हो गई थी। आखिर में उन्होंने 4,74 लाख वोटों के भारी अंतर से जीत दर्ज की। इस सीट पर भी माकपा उम्मीदवार तीसरे स्थान पर था और कांग्रेस उम्मीदवार चौथे स्थान पर। इससे पहले वर्ष 2014 के लोकसभा चुनावों में यहां से तृणमूल कांग्रेस उम्मीदवार सुल्तान अहमद ने वाममोर्चा समर्थित माकपा उम्मीदवार सबरूद्दीन मौल्ला को दो लाख से ज्यादा वोटों के अंतर से पराजित किया था। उस समय भाजपा को महज 11.5 फीसद वोट मिले थे।