---रंजीत लुधियानवी, कोलकाता, 17 फरवरी 2018, इंडिया इनसाइड न्यूज़।
रेलवे एक ओर जहां 13 हजार कर्मचारियों को बर्खास्त करने के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है, वहीं देश भर में 90 हजार नए पदों पर नियुक्तियां की जा रही हैं। हालांकि पश्चिम बंगाल के विभिन्न जोन में महज दो फीसद नियुक्तियां की जाएंगी। इसमें कोलकाता मेट्रो में सिर्फ 320 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी।
सूत्रों ने बताया कि पूर्व और दक्षिण पूर्व रेलवे में कुल मिलाकर 2367 लोगों की नियुक्तियां की जाएंगी, लेकिन मेट्रो रेलवे में सिर्फ 320 लोगों को नियुक्त किया जाएगा। बताया जाता है कि कोलकाता मेट्रो रेलवे में पहले ही जरुरत के मुकाबले कर्मचारियों की संख्या ज्यादा है। इसलिए ज्यादा लोगों को नियुक्त नहीं किया जाएगा।
सूत्रों ने बताया कि लोको पायलट, सहायक लोको पायलट, टेक्नीशियन, क्रेन चालक, लकड़ी मिस्त्री, ट्रैकमैन, गेटमैन, पोर्टर समेत कई पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। रेलवे सूत्र मानते हैं कि पटना और इलाहाबाद रेलवे रिक्रूटमेंट बोर्ड के तहत ही ज्यादा नियुक्तियां होंगी। बताया जाता है कि इसके बाद पापुलर कैटेगरी में नियुक्तियां की जाएंगी। दफ्तर के कर्मचारियों की नियुक्तियों को पापुलर कैटेगरी में माना जाता है।
रेलवे अधिकारियों का दावा है कि पहली बार रेलवे में एक साथ इतने पदों पर नियुक्तियां की जा रही हैं। आवेदन से लिखित परीक्षा, सारा कुछ कंप्यूटर के माध्यम से ही होगा। एक परीक्षार्थी एक आरआरबी के तहत ही परीक्षा में बैठ सकेगा, इसका कारण यह है कि देश भर में परीक्षा एक दिन ही होगी।